सर्दी-जुकाम जैसी परेशानियां सर्दियों में आम तौर पर देखने के लिए मिलती हैं, लेकिन इनसे बचना बहुत मुश्किल काम नहीं है। खान-पान का ध्यान रखने से इम्यून सिस्टम को इम्प्रूव किया जा सकता है और सर्दी में सेहत की सौगात पाई जा सकती है। आइए, जानते हैं कि किस तरह का आहार सेहत के लिए बेहद फायदेमंद साबित हो सकता है
नट्स एंड सीड्स
अघिकतर नट्स में सेलेनियम होता है, जो डिप्रेशन को रोकता है और मेंटल हैल्थ को बेहतर बनाने के लिए इनका सेवन अच्छा रहता है। चार बादाम और दो अखरोट रोजाना खाने से उदासी आपसे दूर ही रहेगी।
सब्जियां और फल
फूलगोभी, पत्तागोभी, पालक, मेथी और सरसों की पत्तियां बीटा-केरोटिन, विटामिन सी और ई के साथ ही केल्शियम का भंडार होती हैं। नारंगी और पीले रंग की सब्जी जैसे कद्दू केरोटिनॉइड्स और विटामिन ए से भरपूर होती हैं। ये दोनों ही पावरफुल एंटी-ऑक्सीडेंट हैं और शरीर के लिए लाभकारी हैं। इसके साथ ही ये फॉलेट से भी भरपूर हैं। फॉलेट मूड को अच्छा बनाता है। यह विटामिन बी 12 की तरह सेरोटोनिन बनाने का काम भी करता है। इसी तरह सभी मौसमी फल भी विटामिन और खनिज तत्वों से भरपूर होते हैं। इनका सेवन हमें बहुत सी बीमारियों से दूर रखता है।
अनाज
गेहूं, ज्वार, बाजरा, जौ, ब्राउन राइस आदि अनाज विटामिन बी, जिंक और सेलेनियम से भरपूर होते हैं। ये इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाते हैं। इनसे मिलने वाला फाइबर आंतों को स्वस्थ रखता है।
स्पाइस
अदरक, हल्दी और अजवायन जैसे मसाले एंटी-माइक्रोबियल और एंटी-इन्फ्लेमेटरी होते हैं। ये एंटी-ऑक्सीडेंट से भरपूर होते हैं और कई तरह के संक्रमण से बचाव करते हैं। अदरक सर्दी-जुकाम में दवा का काम करती है।
दही
दही का सेवन आंतों में मौजूद हानिकारक बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकता है और संक्रमण से भी बचाव करता है। इससे पाचन क्रिया सुचारू रहती है।