तकनीक कितनी तेजी से बदलती है, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि महज सात महीने पहले बाजार में आए आईफोन का अपडेटेड वर्जन जल्द ही उतारे जाने की चर्चा है
मीडिया में इन दिनों कयास लगाए जा रहे हैं कि एपल के आईफोन का अगला वर्जन कुछ महीनों बाद बाजार में आ जाएगा। गौरतलब है कि आईफोन 3जी मॉडल जून 2009 में बाजार में उतारा गया था। कंपनी फिलहाल इसे उन्नत रूप देने में लगी है। तकनीकी वेबसाइटों पर आ रही खबरों के अनुसार आईफोन 4.0 जून 2010 में मैदान में उतरेगा और उसमें कई नए फीचर होंगे। अगली पीढ़ी के आईफोन में टच सेंसेटिव प्लास्टिक बैक केसिंग होगी। यह बिल्कुल वैसी ही होगी, जैसी अक्टूबर में रिलीज हुए मैजिक माउस में थी। एपल मैजिक माउस में सॉलिड एक्रिलिक सरफेस पर कोई बटन नहीं हैं और वह मल्टी-टच कंट्रोल की सुविधा देता है। चर्चा है कि आईफोन 4 में ओएलईडी टचस्क्रीन डिस्प्ले होगा।
अधिकतर सेलफोन निर्माता कंपनियां नए मॉडल में एएमओएलईडी डिस्प्ले की ओर बढ़ रही हैं, ऎसे में यह आईफोन 4.0 के लिए भी जरूरी लग रहा है। कोरिया टाइम्स ने दक्षिण कोरिया में एपल के एक्सक्लूसिव लोकल पार्टनर केटी के एक आला अफसर के हवाले से कहा है कि आईफोन 4जी में ओएलईडी स्क्रीन होगी और यह वीडियो चैट को सपोर्ट करेगी। गूगल के नेक्सस वन में भी एएमओएलईडी टचस्क्रीन डिस्प्ले है। एपल के मौजूदा आईफोन 3जी एस में 3.5 इंच की एलसीडी डिस्प्ले स्क्रीन है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि अगले फोन में मौजूदा मॉडल की तुलना में ज्यादा मेगापिक्सल वाला कैमरा होगा। उम्मीद है कि आगामी मॉडल में 5 मेगापिक्सल कैमरा होगा, जो उसे करीबी प्रतिद्वंद्वी गूगल के नेक्सस वन के बराबर ला खड़ा करेगा। साथ ही एपल नए मॉडल में एलईडी फ्लैश भी दे सकता है। एपल के मौजूदा मॉडल आईफोन 3जी एस में वीडियो कैप्चरिंग, ऑटो फोकस मैकेनिज्म और एडिटिंग की क्षमता के साथ 3 मेगापिक्सल कैमरा है।
वास्तव में एपल को सात महीने पहले रिलीज किए गए 3जी मॉडल में 2 मेगापिक्सल कैमरा ही रखने के लिए आलोचना का सामना करना पड़ा था। खबर यह भी है कि आईफोन 4.0 ऑपरेटिंग सिस्टम का अपडेटेड वर्जन होगा। कोरिया टाइम्स की खबर में यह कयास भी लगाए जा रहे हैं कि 4जी आईफोन में डुअल-कोर माइक्रोप्रोसेसर और ज्यादा अच्छे ग्राफिक हैं। इसमें रिमूवेबल बैटरियां भी हो सकती हैं। हालांकि यह अविश्वसनीय लग रहा है, क्योंकि एपल के सभी हालिया लैपटॉप में भी गैर-रिमूवेबल बैटरियां लगी हैं।