किंग्सटन। पूर्व तेज गेंदबाज ओटिस गिब्सन को वेस्टइंडीज क्रिकेट टीम का नया कोच नियुक्त किया गया है। वह इसी माह के अंत में जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से टीम के कोच का दायित्व संभालेंगे। वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड (डब्ल्यूआईसीबी) के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अर्नेस्ट हिलारै ने भी गिब्सन के वेस्टइंडीज के कोच बनने की पुष्टि कर दी।
हिलारै ने एक रेडियो स्टेशन से कहा कि जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली घरेलू सीरीज से वह टीम के कोच का दायित्व संभालेंगे। कोच बनने के बाद गिब्सन इंग्लैंड के गेंदबाजी कोच के पद से इस्तीफा दे देंगे। वर्तमान में टीम के अंतरिम कोच के तौर पर कार्य कर रहे डेविड विलियम्स गिब्सन के सहायक के तौर पर जुडे रहेंगे।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष जान डायसन को हटाने के बाद से टीम के कोच का पद रिक्त था। गिब्सन ने वेस्टइंडीज की ओर से दो टेस्ट एवं 15 वनडे मैच खेले हैं। इसके अलावा वह अपने देश के अलावा दक्षिण अफ्रीका एवं इंग्लैंड में भी प्रथम श्रेणी क्रिकेट खेले हैं।