hr@totaltv.in
011-43219999
Management
Business
सेंसेक्स 271 अंक लुढ़का, निफ्टी 87 अंक फिसला
वैश्विक शेयर बाजारों की कमजोरी के चलते आज भारतीय शेयर बाजार तेज गिरावट के साथ बंद हुए। आज के कारोबार में रियल्टी, धातु और ऑटो क्षेत्र के शेयरों में सबसे ज्यादा बिकवाली का रुख रहा। बीएसई सेंसेक्स 271 अंक यानी 1.64% की गिरावट के साथ 16,225  पर रहा। निफ्टी 87 अंक यानी 1.75% की कमजोरी के साथ 4,845 पर बंद हुआ। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 1.86% की गिरावट रही। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 1.95% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.61% की कमजोरी आयी।
वैश्विक शेयर बाजार की कमजोरी का असर आज सुबह से ही भारतीय शेयर बाजार पर दिखने लगा था। सेंसेक्स-निफ्टी की शुरुआत सपाट हुई, लेकिन कुछ ही मिनट के बाद दोनों सूचकांक लाल निशान पर चले गये। कारोबार के पहले ही घंटे में निफ्टी 4,900 के नीचे फिसल गया। हालाँकि तीसरे घंटे में बाजार कुछ सँभला और निफ्टी फिर से 4,900 के ऊपर आ गया। खाने-पीने के चीजों की महँगाई दर में बढ़ोतरी होने की खबर आने के बाद बाजार फिर फिसल गया। निफ्टी 4,900 के नीचे आ गया। 23 जनवरी 2010 को खत्म हुए हफ्ते में खाने-पीने की महँगाई दर (फूड इन्फ्लेशन) 17.40% से बढ़ कर 17.56% रही है। यूरोपीय शेयर बाजार की नकारात्मक शुरुआत होने की खबर आने के बाद बाजार में गिरावट और बढ़ गयी। कारोबार के अंतिम घंटे में 16,189 और निफ्टी 4,832 तक चला गया। जोकि दोनों सूचकांकों का आज के कारोबार का निचला स्तर रहा।
क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के सभी सूचकांकों में गिरावट का रुख रहा। सबसे ज्यादा कमजोरी रियल्टी सूचकांक में रही। यह सूचकांक 3.9% टूटा। धातु सूचकांक को 3.4%, ऑटो सूचकांक को 2%, आईटी सूचकांक को 2% और टीईसीके सूचकांक को 2% का घाटा हुआ। कंज्यूमर ड्यूरेबल्स सूचकांक में 1.8%, पावर सूचकांक में 1.7%, बैंकिंग सूचकांक में 1.6%, कैपिटल गुड्स सूचकांक में 1% और हेल्थकेयर सूचकांक में 1% की कमजोरी रही। तेल-गैस सूचकांक, पीएसयू सूचकांक और एफएमसीजी सूचकांक में भी 1% से कम की गिरावट आयी।
सेंसेक्स के 27 शेयरों को आज घाटा उठाना पड़ा, जबकि 3 शेयरों को फायदा हुआ। सबसे ज्यादा गिरावट हिंडाल्को इंडस्ट्रीज के शेयर में रही। इसका शेयर 6.4% लुढ़क गया। जयप्रकाश एसोसिएट्स को 4.6%, टाटा मोटर्स को 4.4% और डीएलएफ को 4.3% का नुकसान हुआ। टाटा स्टील, रिलायंस कम्युनिकेशंस, स्टरलाइट इंडस्ट्रीज, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एचडीएफसी के शेयर में 3% से अधिक की गिरावट रही। एसीसी, विप्रो, एसबीआई, हिंदुस्तान यूनिलीवर, इन्फोसिस, ग्रासिम इंडस्ट्रीज, टाटा पावर, भारती एयरटेल, टीसीएस, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति सुजुकी, एनटीपीसी और आईसीआईसीआई बैंक के शेयर में भी 1% से अधिक की कमजोरी रही। बीएचईएल, सन फार्मा, लार्सन एंड टुब्रो, रिलायंस इन्फ्रा और एचडीएफसी बैंक के शेयर भी हल्की गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर, ओएनजीसी को 0.56%, आईटीसी को 0.32% और हीरो होंडा को 0.03% का मामूली लाभ हुआ।

बाजार आज दोपहर 3 बजे
कारोबार के अंतिम घंटे में भारतीय शेयर बाजार में गिरावट बढ़ गयी है। दोपहर 3.00 बजे बीएसई सेंसेक्स 274 अंक की गिरावट के साथ 16,222  पर है। निफ्टी 87 अंक की कमजोरी के साथ 4,845 पर है। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 1.85% की गिरावट दिख रही है। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 1.90% और बीएसई स्मॉलकैप में 1.49% की कमजोरी है।
क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के सभी सूचकांकों में गिरावट का रुख है। सबसे ज्यादा कमजोरी रियल्टी सूचकांक में दिख रही है। यह सूचकांक 3.9% नीचे है।

बाजार आज सुबह 9.05 बजे
वैश्विक शेयर बाजारों की कमजोरी का असर भारतीय शेयर बाजार पर भी दिख रहा है। सुबह 9.05 बजे बीएसई सेंसेक्स 79 अंक की गिरावट के साथ 16,417 पर है। निफ्टी 23 अंक की कमजोरी के साथ 4,909 पर है। एनएसई के मँझोले सूचकांक सीएनएक्स मिडकैप में 0.16% की गिरावट दिख रही है। बीएसई मिडकैप सूचकांक में 0.03% और बीएसई स्मॉलकैप में 0.27% की मजबूती है।
क्षेत्रों के लिहाज से बीएसई के तेल-गैस, कंज्यूमर ड्यूरेबल्स और पीएसयू सूचकांक को छोड़कर अन्य सभी सूचकांकों में गिरावट का रुख है। सबसे ज्यादा कमजोरी धातु सूचकांक में दिख रही है। यह सूचकांक 1.13% नीचे है। सेंसेक्स के 25 शेयरों में गिरावट का रुख है, जबकि 5 शेयरों में मजबूती का रुख है। सबसे ज्यादा गिरावट टाटा स्टील में दिख रही है। इसके शेयर में 1.9% की कमजोरी है।
 
Related News
शुरुआत में सेंसेक्स 62 अंक बढ़ा
 
रतन टाटा को मिला अमेरिकी सम्मान
 
बढ़त के साथ खुला सेंसेक्स
 
राजू के बेटों की अपील खारिज
 
एशियाई बाजार: कच्चा तेल 75 डालर के नीचे
 
आरबीएस,ब्रिटेन में 3500 छंटनियां करेगा
 
 
होम |   हमारे बारे में  |  सम्‍पर्क करें  |  कॅरियर  |  मेल चेक करें  |  विज्ञापन हेतु  |  शिकायत निबटारा  |