साइकिल पर स्कूल जाने वाले बच्चे दूसरे साधनों से स्कूल जाने वाले बच्चों की तुलना में ज्यादा फिट होते हैं। इस आम धारणा पर अब एक वैज्ञानिक शोध ने भी पुष्टि की मुहर लगा दी है। इस शोध के दौरान 2007-08 में इंग्लैंड के पूर्वी क्षेत्र के 10 से 16 साल के 600 बच्चों की यात्रा संबंधी आदतों की समीक्षा की गई। शोध की अगुवाई कर रहे एसेक्स विश्वविद्यालय के जीव विज्ञानी गेविन सैंडरकॉक और क्रिस्टीन वॉस का कहना है कि साइकिल चलाने वाले बच्चों ज्यादा स्वस्थ रहते हैं। शोध के लिए 23 स्कूलों के बच्चों से स्कूल-यात्रा संबंधी प्रश्नावली भरवाई गई। इसके बाद इनकी एक दौड़ आयोजित की गई।
शोध में पता चला कि पैदल स्कूल जाने वाले लड़के 20 फीसदी और लड़कियां 30 फीसदी फिट पाए गए। वहीं साइकिल से स्कूल जाने वाले लड़के अन्यों की तुलना में 30 फीसदी ज्यादा स्वस्थ पाए गए। सबसे ज्यादा नाटकीय परिणाम साइकिल से स्कूल जाने वाली लड़कियों में दिखा। इनका स्वास्थ्य स्वचालित वाहनों से स्कूल जाने वाली लड़कियों की तुलना में सात गुना बेहतर पाया गया। यह शोध "अमरीकन कॉलेज ऑफ स्पोट्र्स मेडिसिन" के जर्नल में प्रकाशित हुआ है।