आज से बीस साल पहले सुंदर दिखने के लिए प्रकृति की कृपा पर निर्भर रहना पड़ता था, ज्यादा से ज्यादा लिपस्टिक, आइब्रो पेंसिल या कॉम्पेक्ट लगाकर चेहरे में बदलाव लाया जा सकता था, लेकिन आज इन सबको पीछे छोड़कर चेहरे की कमियों को विज्ञान द्वारा ठीक करवाकर नया मेकओवर कर सकते हैं। चेहरे पर खूबसूरती के मापदंड आंख, नाक और होंठ हैं। आइए जाने, इन्हें ठीक करवाने की कला...
सुंदर नाक राइनोप्लास्टी के साथ
वरिष्ठ कॉस्मेटिक और प्लास्टिक सर्जन और दिल्ली के फोर्टिस अस्पताल से जुड़े डॉ. आशुतोष मिश्रा के मुताबिक कॉस्मेटिक सर्जरी आज सिर्फ अमीर लोगों के लिए नहीं बल्कि मध्यम वर्ग के लोगों में भी पैठ जमा चुकी है। डॉ. आशुतोष मिश्रा के अनुसार राइनोप्लास्टी में नाक की टिप-ब्रिज चपटी, मोटी, छोटी, लंबी आदि सभी प्रकार की कमियों को दूर किया जा सकता है। इसमें बोन ग्राफ्ट या कार्टिलेज ग्राफ्ट दोनों किया जा सकता है। लड़कियों को नाक की टिप व ब्रिज से तथा नथुनों के फोल्ड से शिकायत रहती है। जिसे राइनोप्लास्टी से आराम से ठीक कर दिया जाता है। इस प्रक्रिया में दो से तीन घंटे का समय लगता है तथा खर्च बीस हजार से तीस हजार तक आता है।
सुंदर होंठों की नई टेक्नीक
एंडोस्कोपी सर्जरी में जिस हिस्से की सर्जरी करनी होती है। उसके अंदर की पूरी तस्वीर निकाली जाती है तथा चेहरे के किसी भी हिस्से में इन्जेक्टेबल सिंथेटिक मेटेरिअल सही जगह पर डाल दिया जाता है। कनाडा के डॉ. रिचर्ड एब्ज ने इस जटिल विषय पर काम करके इस तकनीक को काफी आसान बना दिया है। एंडोस्कोपी द्वारा गालों में डिंपल डलवाए जा सकते हैं और पिचके गालों को फुलाकर चेहरे के आकार को सही शेप में लाया जा सकता है।
लेजर टेक्नीक
लेजर टेक्नीक से चेहरे के दाग-धब्बों, मुंहासों व खुले रोमछिद्रों तक को ठीक किया जा सकता है। सुंदर कजरारी आंखों को मोटे चश्मे के पीछे ढक जाने स े परेशान युवक-युवतियों के लिए लेजर तकनीक द्वारा चश्मा हटाकर नेत्र ज्योति को ठीक कर दिया जाता है। ऊंचे बड़े दांतों से भी परेशान न हो। ऎसे दांतों पर ब्रेसेस लगाकर दांतों को सही शेप में व्यवस्थित किया जा सकता है। यदि मुस्कुराने पर काले, नीले या भद्दे मसूढे भी नजर आते हैं तो ऎनेमेलोप्लास्टी करवाकर मसूढ़ों की रंगत बदली जा सकती है। यहां तक की अच्छे दांतों पर भी डायमंड व गोल्ड एसेसरीज लगवाकर मुस्कुराहट में चार चांद लगवाए जा सकते हैं। अत: प्रकृति को धता बताकर बनिए खूबसूरत वह भी अपने मन मुताबिक।