बुलंदशहर। मुस्लिमों के खिलाफ भड़काऊ भाषण देने के आरोप में जेल जा चुके भाजपा तुर्क वरूण गांधी की जबान अब भी आग उगल रही है। उत्तर प्रदेश के दौरे पर आए वरूण गांधी ने शनिवार को सारी सीमाएं लांघ दी। बुलंदशहर जिले के शिकारपुर में एक जनसभा में वरूण गांधी ने केन्द्रीय कृषि मंत्री शरद पवार को रावण और उत्तर प्रदेश की मुख्यमंत्री मायावती को रावण की बहन शूर्पणखा तक कह डाला।
पीलीभीत से सांसद वरूण गांधी ने कहा कि जनता को पवार व मायावती जैसे लोगों के कारण परेशानियां झेलनी पड़ रही है जो महंगाई पर काबू पाने के लिए कुछ नहीं कर रहे हैं। वरूण ने कहा कि मूल्य वृद्धि निश्चित रूप से एक मुद्दा है लेकिन जिसके लिए हमारी पार्टी का गठन हुआ था हमें उसे नहीं भूलना चाहिए। हमें अपने आत्मसम्मान के साथ समझौता नहीं करना चाहिए। वरूण ने कहा कि मैं यह व्यवस्था सुनिश्चित कराऊंगा कि यहां गोहत्या न हो। उल्लेखनीय है कि पिछले साल मार्च महीने में एक चुनावी रैली के दौरान मुस्लिम समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक बयान देने के लिए वरूण गांधी के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज कराए गए थे। और उनके जेल भी जाना पड़ा था। हालांकि बाद में उनके जमानत मिल गई थी।