नागपुर. जैक्स कालिस और हाशिम अमला के शतकों के दम पर टेस्ट की बादशाहत की जंग के प्रथम मुकाबले के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका मजबूत स्थिति में पहुंच गया। नागपुर टेस्ट के पहले दिन दक्षिण अफ्रीका ने दो विकेट खोकर 291 रन बनाए।
ज़हीर खान को छोड़कर टीम इंडिया के बाकि गेंदबाज़ बेअसर रहे। दिन की शुरुआत में टॉस हारकर पहले क्षेत्ररक्षण करने उतरे भारत की किस्मत पहले दो बल्लेबाज सस्ते में निपटाने के बाद नहीं चमकी। ज़हीर खान ने बेहतरीन शुरुआत देते हुए एशवेल प्रिंस और कप्तान ग्रीम स्मिथ को आउट किया। प्रिंस ने शून्य और स्मिथ ने 6 रन बनाए।
कालिस और अमला ने भारतीय गेंदबाज़ी की धज्जियां उड़ाते हुए शतकीय साझेदारी की। दिन का खेल खत्म होने तक कालिस 159 और अमला 115 रन पर नाबाद थे।
भारत के वीवीएस लक्ष्मण के स्थान पर टीम में शामिल हुए रोहित शर्मा भी चोट के कारण मैच से बाहर हो गए। उनके स्थान पर रिद्धिमान साहा को करियर का अंतरराष्ट्रीय पहला मैच खेलने का मौका मिला। भारतीय टीम में बद्रनाथ भी अपना पहला मैच खेल रहे हैं।