चंडीगढ़. रुचिका छेड़छाड़ में फंसे हरियाणा के पूर्व डीजीपी एसपीएस राठौर पर सोमवार दोपहर जिला अदालत के बाहर कैमरा लेकर घूम रहे उत्तर प्रदेश के वाराणसी निवासी उत्सव शर्मा ने चाकू से हमला कर दिया।
यह हमला उस समय हुआ जब राठौर अपनी पत्नी आभा राठौर और बनारस के ही वकील अजीत कुमार सिंह के साथ अदालत में सजा में बढ़ोतरी और जमानत पर बहस के दौरान लंच के लिए बाहर जा रहे थे। हालांकि मामला अभी संदिग्ध बना हुआ है। अदालत में मौजूद सुरक्षा कर्मियों एवं सामने ही सेक्टर 17 थाना होने के बावजूद राठौर पर हमला होने से मामले में नया मोड़ ले लिया। राठौर को पुलिस तुरंत सेक्टर 16 अस्पताल में ले गई। वहां पर राठौर का इलाज चल रहा है। इस हमले में राठौर के वकील भी घायल हो गए हैं।
तस्वीरों में देखें...राठौर पर हमला
हमलावर को मौके पर मौजूद पुलिस ने दबोच लिया। हमलावर ने पुलिस को बताया कि वह लड़कियों के साथ हो रहे अन्याय के खिलाफ एक मुहिम चला रहे हैं। रुचिका के साथ राठौर ने जो किया उसके प्रति उसमें गुस्सा था, वह गुस्सा ही उसने राठौर पर उतारा है। हमलावर ने पुलिस को बताया कि वह वाराणसी में भ्रूण हत्या पर फिल्म डिजाइन का काम करता है।
जमानत पर होना था फैसला
उधर, जिला अदालत में एडीशनल डिस्ट्रिक्ट एवं सेशन जज राजशेखर अत्री की कोर्ट में 8,9 10 फरवरी को फास्ट ट्रेक कोर्ट में सीबीआई द्वारा दायर सजा में बढ़ोतरी की अपील, शिकायतकर्ता मधु प्रकाश दंपति द्वारा सजा में बढ़ौतरी की अपील एवं राठौर की जमानत याचिका पर सुनवाई होनी है। उसी के तहत सोमवार को सुनवाई हो रही थी।