चिली में एक शक्तिशाली भूकंप आया है. ताज़ा रिपोर्टों के अनुसार रिक्टर स्केल पर इसकी क्षमता 8.8 आंकी गई है.
चिली में पिछले 50 वर्षों में इतना शक्तिशाली भूकंप नहीं आया है.
स्थानीय मीडिया के अनुसार अभी तक 64 लोगों की मौत की ख़बर है.
इस भूकंप के बाद हवाई, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड और अन्य कई देशों के लिए सूनामी की चेतावनी जारी कर दी गई है.
इसकी वजह से फ़ोन लाइनों और इंटरनेट प्रणाली को नुक़सान पहुँचा है जिसके कारण नुक़सान का अंदाज़ नहीं लग पा रहा है.
चिली की राष्ट्रपति मिचेल बेचलेट का कहना है कि अनेक लोगों के मरने की ख़बर है. उन्होंने आशंका व्यक्त की कि ये संख्या बढ़ सकती है.
राष्ट्रपति बेचेलेट ने लोगों से शांत रहने की अपील करने की है और ज़रूरत पड़ने पर प्रशासन से संपर्क करने को कहा है.
उनका कहना था,''देश को एक बड़े भूंकप का सामना करना पड़ा है... हम भूकंप के असर का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं, सड़कों और अस्पतालों और इमारकों के नुक़सान की जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं. साथ ही पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि इसमें कितने लोगों को जान से हाथ धोना पड़ा या घायल हुए हैं.''
सूनामी की चेतावनी
अमरीकी एजेंसी ने कहा है कि समुद्र का स्तर बढ़ा है, इसका अर्थ है कि सूनामी पैदा हुई है लेकिन उन्होंने ये नहीं बताया कि इसका विस्तार कितना है.
अमरीकी भूगर्भ सर्वे का का कहना है कि भूकंप का केंद्र ज़मीन के 35 किलोमीटर अंदर था.
भूकंप के कारण इमारतें हिल गईं और राजधानी सेंटियागो में बिजली की आपूर्ति ठप पड़ गई.
स्थानीय निवासियों का कहना था कि झटकों के कारण उनके ऊपर सामान गिरने लगा जिससे उनकी नींद खुली.
ये भूकंप राजधानी सेंटियागो से 317 किलोमीटर दूर कॉसेप्शियन शहर के उत्तर पूर्व में केंद्रित था.
ख़बरें हैं कि सेंटियागो शहर की इमारतें 10 से 30 सेकंड तक हिलती रहीं और शहर की बिजली और संचार व्यवस्था ठप पड़ गई.
भूकंप के झटके अर्जेटीना में भी महसूस किए गए.वहाँ के लोगों का कहना था कि ये पिछले वर्षों का सबसे शक्तिशाली झटके थे.