नई दिल्ली। पेनल्टी कार्नर विशेषज्ञ ल्यूक डोएरनर के शानदार चार गोलों और कप्तान जेमी ड्वेयर के तीन गोलों के धुंआधार प्रदर्शन के दम पर गत दो बार के उपविजेता आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को गुरूवार को एकतरफा मुकाबले में 12-0 से रौंदकर हाकी विश्वकप में पूल-बी मैच में विश्वरिकार्ड जीत दर्ज की।
आस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ पाकिस्तान के वर्ष 1982 के मुंबई विश्वकप में न्यूजीलैंड को 12-3 से हराने के रिकार्ड को पीछे छोड़ दिया। आस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ ही तीन मैचों में अपनी अंक संख्या छह पहुंचा दी। आस्ट्रेलिया ने जहां विश्वरिकार्ड जीत हासिल की वहीं दक्षिण अफ्रीका ने विश्वकप की अपनी सबसे बड़ी पराजय झेली।
आस्ट्रेलिया और दक्षिण अफ्रीका के बीच विश्वकप में यह पहली बार मुकाबला था जिसमें आस्ट्रेलिया ने गोलों की बरसात करते हुए दक्षिण अफ्रीका को धोकर रख दिया। आस्ट्रेलिया ने 2008 के पेइचिंग ओलंपिक में भी दक्षिण अफ्रीका को 10-0 से रौंदा था और इस बार तो वह दो कदम और आगे निकल गया। दक्षिण अफ्रीका की विश्वकप में यह सबसे बड़ी पराजय है। इससे पहले वह 2002 में पाकिस्तान से और 2006 में जर्मनी से 5-0 से हारा था।
आस्ट्रेलिया ने मौजूदा टूर्नामेंट की यह सबसे बड़ी जीत हासिल की। कंगारू टीम के अब तीन मैचों से छह अंक हो गए हैं जबकि दक्षिण अफ्रीका ने अपने तीनों मैच गंवा दिए हैं। दक्षिण अफ्रीका इससे पहले स्पेन से 4-2 से और इंग्लैंड से 6-4 से हारा था। दक्षिण अफ्रीका टूर्नामेंट के तीन मैचों में 22 गोल खा चुका है।
आस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड से अपना पहला मुकाबला हारने के बाद मेजबान भारत को 5-1 से और अब दक्षिण अफ्रीका को 12-0 से हराकर सेमीफाइनल में पहुंचने की दिशा में कदम बढ़ा दिया है। डोएरनर के चार गोलों के साथ टूर्नामेंट में अब पांच गोल हो चुके हैं जबकि कप्तान ड्वेयर के तीन गोलों के साथ भी पांच गोल हो चुके हैं। ये दोनों आस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पांच-पांच गोलों के साथ टूर्नामेंट अब सर्वाधिक गोल करने वाले खिलाड़ी बन गए हैं।
उन्होंने हालैंड के ताइके ताइकामा (चार) को पीछे छोड़ दिया है। यह मैच इस कदर एकतरफा रहेगा इसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। दक्षिण अफ्रीका ने स्पेन और इंग्लैंड के खिलाफ अच्छा संघर्ष किया था लेकिन इस मैच में तो उसके खिलाड़ी आस्ट्रेलियाई श्रेष्ठता के आगे घुटने टेक गए।
आस्ट्रेलिया ने दक्षिण अफ्रीका को हाकी का जो पाठ पढ़ाया वह उसे लंबे समय तक याद रहेगा। आस्ट्रेलियाई टीम ने पूरे मैच में जब दिल चाहा तब गोल ठोके। ऎसा लग रहा था कि आस्ट्रेलियाई खिलाडियों ने भारत के खिलाफ जहां मैच छोड़ा वहीं से आगे शुरूआत की।
डोएरनर ने 16वें मिनट में दूसरे पेनल्टी कार्नर पर, 33वें मिनट में तीसरे पेनल्टी कार्नर पर, 48वें मिनट में पांचवें पेनल्टी कार्नर पर और 67वें मिनट में छठे पेनल्टी कार्नर पर गोल दागे। कप्तान ड्वेयर ने 52वें, 55वें और 66वें मिनट में गोल किए। स्ट्राइकर ग्लेन टर्नर ने 20वें और 62वें मिनट में दो गोल किए।
डेसमंड एबोट ने 26वें और फर्गुस कावानाग ने 35वें और मैथ्यू बटरीनी ने 44वें मिनट में एक-एक गोल किए। आस्ट्रेलिया का अब अगला मुकाबला शनिवार को स्पेन से होगा जबकि दक्षिण अफ्रीका की टीम इसी दिन पाकिस्तान से भिडेगी।