लोकसभा में 16 मार्च से पहले पेश होगा महिला आरक्षण बिल
नई दिल्ली। राज्यसभा की मुहर लगने के बाद महिला आरक्षण बिल अगले सप्ताह लोकसभा में पेश किया जाएगा। केन्द्रीय कानून मंत्री वीरप्पा मोइली ने आज बताया कि केन्द्र सरकार बजट सत्र समाप्त होने से पहले लोकसभा में महिला आरक्षण बिल पेश करने पर विचार कर रही है। 16 मार्च से लोकसभा तीन हफ्ते के लिए स्थगित हो जाएगी। उन्होंने कहा कि 15 मार्च एडवाइजरी कमेटी की बैठक है, जिसमें बिल पेश किए जाने पर फैसला होगा। संसदीय मामलों के मंत्री पीके बंसल ने भी कहा कि केन्द्र सरकार की आरक्षण विधेयक को 16 मार्च से पहले लोकसभा में पेश करने की योजना है।
संसद में हंगामा, सांसदों का निलंबन वापस हो
महिला आरक्षण बिल पर विरोध के दौरान राज्यसभा में गैर संसदीय आचरण अपनाते हुए सभापति हामिद अंसारी के साथ हाथापाई करने के कारण निलंबित हुए सातों सांसदों का निलंबन वापस हो सकता है। समाजवादी पार्टी (सपा), राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने सांसदों का निलंबन वापस लेने की मांग की है। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) ने भी निलंबन वापसी का प्रस्ताव लाए जाने का समर्थन किया है। यदि ये सांसद हामिद अंसारी से माफी मांग लेते हैं तो इन सांसदों का निलंबन वापस हो सकता है।
इससे पहले राज्यसभा से निष्कासित पार्टी के सांसदों का निलंबन वापस लेने के मांग करते हुए सपा और राजद ने आज सदन की कार्यवाही का बहिष्कार कर दिया। सपा नेता रामगोपाल यादव ने सुबह 11 बजे राज्यसभा की कार्यवाही शुरू होने के बाद सभापति हामिद अंसारी से सांसदों का निलंबन वापस लेने की मांग की। उन्होंने कहा कि जब तक सांसदों का निलंबन वापस नहीं ले लिया जाता, तब तक उनकी पार्टी संसद का बहिष्कार करेगी। सपा के बाद राजद सांसदों ने भी राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया। सपा व राजद सांसद कल राज्यसभा में मार्शल बुलाए जाने और उनके सांसदों को जबरन निकाले जाने से भी नाराज हैं।
"माफी नहीं मागूंगा"
वहीं, निलंबित सांसद कमाल अख्तर और नंदकिशोर यादव ने दो टूक शब्दों में कहा है कि माफी मांगने का सवाल ही नहीं उठता है। उन्होंने कहा कि "हमारा निलंबन वापस हो या नहीं, पर हम माफी नहीं मांगेंगे।" कमाल अख्तर ने कहा कि जिस तरह से उन्हें मार्शल बुलाकर उन्हें सदन से बाहर निकाला गया उसके लिए सरकार को उनसे माफी मांगनी चाहिए। उल्लेखनीय है कि सोमवार को महिला आरक्षण बिल का विरोध कर रहे सपा और राजद सांसदों ने सदन की मर्यादा को ताक पर रखते हुए सभापति हामिद अंसारी से बिल की प्रतियां छीनकर फाड़ दी थी। संसद को शर्मसार करने वाले इस गैर संसदीय व्यवहार के लिए सपा, राजद और जदयू के सात सांसदों को कल राज्यसभा से निलंबित कर दिया गया था।
ये हैं निलंबित सांसद
1. कमाल अख्तर (सपा)
2. नंद किशोर यादव (सपा)
3. वीरपाल यादव (सपा)
4. आमिर आलम खान (सपा)
5. सुभाष यादव (जदयू)
6. एजाज अली (जदयू)
7. साबिर अली (लोजपा)
लोकसभा गुरूवार तक स्थगित
वहीं, दूसरी ओर लोकसभा में भी आज जमकर हंगामा मचा। सपा और राजद के सांसद यहां भी अपने सांसदों का निलंबन वापस करने की मांग कर हंगामा मचाते रहे। हंगामे और शोर-शराबे के कारण लोकसभा की कार्यवाही पहले 12 बजे, फिर दो बजे और बाद में गुरूवार तक के लिए स्थगित कर दी गई।