मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक गांव की महिलाएं पेड़ उगाने के लिए ‘सीड बॉल’ बना रही हैं। धरती को हरा-भरा बनाने का ये अच्छा जरिया है। ये ‘सीड बॉल’ एक खास विधि से छोटे-छोटे लड्डू के आकार में बनाए जा रहे हैं।
आपको बता दें, छिंदवाड़ा जिले में पांजरा गांव की महिलाओं का एक समूह धरती पर हरियाली लाने के मकसद से ‘सीड बॉल’ बना रहा है। खेत की मिट्टी, चूल्हे से निकली राख और गोबर की खाद मिलाकर आटे की तरह गूथ लिया जाता है। फिर छोटे-छोटे लड्डू बनाकर उनके भीतर बीज भर दिए जाते हैं। कुछ देर सूखने के बाद ये ‘सीड बॉल’ के रूप में तैयार हो जाते हैं। फिर इन्हें मानसून के दौरान बंजर और पहाड़ी इलाकों में फेंका जाएगा। इस उम्मीद के साथ कि बारिश आने पर बिना किसी खास देखभाल के इनमें से कई उग आएंगे और पेड़ बन जाएंगे।
Read Also: असम: CM हिमंता बिस्वा सरमा आज दे सकते हैं इस्तीफा
पांजरा गांव की महिलाएं आस-पास मिलने वाली चीजों का इस्तेमाल करके इस कोशिश को आगे बढ़ा रही हैं। मानसून सीजन आने ही वाला है। ऐसे में हाल के हफ्तों में इस प्रयास ने रफ्तार पकड़ ली है। हजारों ‘सीड बॉल’ तैयार किए जा रहे हैं। छोटे पैमाने पर शुरू हुई इस पहल में अब पूरे गांव की महिलाएं बढ़-चढ़कर शामिल हो रही हैं। वे कमाई करने के साथ-साथ धरती पर हरियाली भी बिखेर रही हैं।
