गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में हुए 17 वर्षीय किशोर सूर्या चौहान हत्याकांड का मुख्य आरोपी असद पुलिस एनकाउंटर में मारा गया है। यूपी पुलिस के साथ हुए इस एनकाउंटर के दौरान मुख्य आरोपी असद को गोली लगी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया था, उसे अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती किया गया था जहां उसकी दौरान मौत हो गई।
आपको बता दें, बकरीद के दिन हुई सूर्या की हत्या की वारदात के बाद से फरार चल रहे मुख्य आरोपी असद पर गाजियाबाद पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। उसकी तलाश लगातार की जा रही थी, इस बीच उत्तर प्रदेश पुलिस और आरोपी के बीच यह एनकाउंटर गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में हुआ। इस एनकाउंटर में गंभीर रूप से घायल होने के कारण उसकी मौत हो गई।
Read Also: वाराणसी में ऐतिहासिक आकर्षण को वापस लाने के लिए लगे विंटेज ट्रैफिक बूथ और हेरिटेज घड़ियाँ
पुलिस घेराबंदी के दौरान जब असद को सरेंडर करने के लिए कहा गया, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। इस एनकाउंटर के दौरान दोनों तरफ से करीब 10 राउंड गोलियां चलीं, जिसमें पुलिस का एक कांस्टेबल भी जख्मी हुआ है।
गौरतलब है, गाजियाबाद के खोड़ा इलाके में 28 मई को 17 वर्षीय सूर्या चौहान पर असद और उसके साथियों ने पुरानी रंजिश के चलते चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला किया था, जिससे गंभीर रूप से घायल सूर्या की 29 मई को नोएडा के अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पुलिस इस मामले में कुछ अन्य संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और असद के फरार साथियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
