नई दिल्ली: एयर मार्शल संदीप सिंह को भारतीय वायुसेना के अगले डिप्टी चीफ के रूप में नियुक्त किया गया है। वह एयर मार्शल वीआर चौधरी का स्थान लेंगे जो वायु सेना प्रमुख का पदभार ग्रहण करेंगे।
केंद्र सरकार ने एयर मार्शल वीआर चौधरी को अगला वायुसेना प्रमुख नियुक्त करने का फैसला किया है जिस वजह से भारतीय वायुसेना डिप्टी चीफ का पद रिक्त हो रहा है।
फिलहाल, वायु सेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल आरकेएस भदौरिया हैं जो 30 सितंबर 2021 को रिटायर हो रहे हैं। वीआर चौधरी वायुसेना प्रमुख के तौर पर एक अक्टूबर को कार्यभार संभालेंगे।
वहीं, डिप्टी चीफ बनने वाले संदीप सिंह इस वक्त दक्षिण पश्चिमी वायु सेना कमांड के एयर ऑफिसर, कमांडिंग-इन-चीफ के पद पर कार्यरत हैं।
उन्होंने एयर मार्शल सुरेंद्र कुमार घोटिया के रिटायारमेंट के बाद 1 मई 2021 को ये जिम्मेदारी संभाली थी। संदीप सिंह के साथ ही एयर मार्शल बालभद्र राधाकृष्ण को ‘इंटीग्रेटिड डिफेंस स्टाफ टू द चेयरमैन ऑफ द चीफ ऑफ स्टाफ कमेटी’ का नया प्रमुख बनाया गया है।
संदीप सिंह को 22 दिसंबर, 1983 को भारतीय वायु सेना में एक फाइटर पायलट के रूप में नियुक्ति मिली थी। उन्हें Su-30 MKI, MiG-29, MiG-21, Kiran, An-32, AVRO, Jaguar and Mirage 2000 फाइटर प्लेन उड़ाने का अनुभव है। स्वॉर्ड ऑफ ऑनर हासिल करने वाले संदीप सिंह ए-2 कैटिगरी के ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर हैं।
उन्होंने भारतीय वायुसेना में Su-30MKI को शामिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। 37 साल के लंबे करियर के साथ, उन्होंने लड़ाकू विमान स्क्वाड्रन की कमान संभाली है।
वो वायु सेना के टेस्ट पायलट स्कूल में इंस्ट्रक्टर और Su-30MKI के लिए प्रोजेक्ट टेस्ट पायलट रहे हैं। अपने करियर के दौरान, संदीप सिंह की वायु सेना प्रमुख के जरिए तारीफ की गई। उन्हें साल 2013 में वायु सेना मेडल और अति विशिष्ट सेवा पद से सम्मानित किया जा चुका है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

