Air Force: सैन्य अभ्यास ‘वायुशक्ति’ में राफेल, सुखोई-30, मिग-29, तेजस, जगुआर और अन्य लड़ाकू विमान शामिल होंगे, जो ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना की “सफल भूमिका” की झलक पेश करेंगे। वायुसेना के एक अधिकारी ने बुधवार 11 फरवरी को ये जानकारी दी।
वायुशक्ति 27 फरवरी को राजस्थान के ‘पोकरण फील्ड फायरिंग रेंज’ में आयोजित किया जाएगा। वायुसेना उपाध्यक्ष एयर मार्शल नागेश कपूर ने बताया कि राजस्थान के पोकरण में इस सैन्य शक्ति अभ्यास के दौरान “लंबी दूरी के लक्ष्य बनाने’’ का प्रदर्शन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि द्विवार्षिक इस अभ्यास को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है क्योंकि ये पिछले वर्ष के ऑपरेशन सिंदूर के बाद आयोजित किया जा रहा है। वायुसेना अधिकारी ने बताया कि लड़ाकू विमान, हेलीकॉप्टर और परिवहन विमान सहित 120 से अधिक विमान इस अभ्यास में भाग लेंगे। Air Force Air Force
Read Also: एपस्टीन फाइलों पर डेमोक्रेट्स से झड़प! अमेरिकी अटॉर्नी जनरल बॉन्डी ने ट्रंप का जोरदार बचाव किया
अधिकारी ने संवाददाता सम्मेलन में दिए गए प्रस्तुतीकरण में कहा कि इस अभ्यास में राफेल, सुखोई-30, मिग-29, तेजस, जगुआर और मिराज-2000 के अलावा अपाचे, हल्के लड़ाकू हेलीकॉप्टर प्रचंद और उन्नत हल्के हेलीकॉप्टर भी शामिल होंगे। जब उनसे पूछा गया कि क्या पश्चिमी सीमा के पास हो रहे इस अभ्यास से पाकिस्तान को कोई रणनीतिक संदेश जाएगा, उन्होंने कहा, “हम अपना अभ्यास करेंगे। इससे किसे क्या संदेश जाएगा, ये आप पर निर्भर करता है।”
