( प्रदीप कुमार )- चुनावी टाइमिंग के बीच छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर ED के दावे ने सियासी घमासान और भी बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री बघेल ने ED के दावे को बेबुनियाद बताया है, वहीं कांग्रेस पार्टी ने सीएम भूपेश बघेल का बचाव करते हुए BJP पर हमला बोला है।
छत्तीसगढ़ में महादेव ऐप को लेकर मुख्यमंत्री बघेल पर आए ED के दावे ने राजनीतिक हलचल बढ़ा दी है। ED ने दावा किया है कि महादेव सट्टेबाजी ऐप के प्रमोटर्स ने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को 508 करोड़ रुपये दिए हैं।
ED के इस दावे के बाद मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बयान जारी कर आरोपों को बेबुनियाद बताया है। इस मामले में मुख्यमंत्री बघेल ने कहा, ईडी की चालाकी देखिए कि उस व्यक्ति का बयान जाहिर करने के बाद एक छोटे से वाक्य में लिख दिया है कि यह बयान,जांच का विषय है। जब इस बाबत जांच ही नहीं हुई है तो एक व्यक्ति के बयान पर प्रेस रिलीज जारी करना ED की नीयत को बताता है। बघेल ने सवाल उठाया कि अगर कोई व्यक्ति पीएम का नाम ले दे तो क्या बिना जांच के उन्हें भी दोषी बना दिया जाएगा। सीएम बघेल ने आरोप लगाते हुए कहा है कि राज्य में बीजेपी सीधे चुनाव में हार रही है इसलिए ED को खुलकर सामने ले आई है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर लगे आरोपों के बाद कांग्रेस पार्टी ने भी पलटवार किया है। दिल्ली कांग्रेस मुख्यालय में कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल और कानूनी मामलों के जानकार अभिषेक मनु सिंघवी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर BJP को निशाने पर लिया है।
कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने कहा कि हम चुनाव जीत रहे है,चुनावी टाइमिंग में बीजेपी ED का दांव लेकर आयी है। हम राजनीतिक लड़ाई और कानूनी लड़ाई को मजबूती के साथ लड़ेंगे। जयराम रमेश ने कहा कि हम चुनाव आयोग भी जाएंगे। राजस्थान और छत्तीसगढ़ में हम सरकार बनायेगे। बीजेपी ने हमारे दो OBC मुख्यमंत्रियों को निशाना बनाया है। बीजेपी की हार निश्चत है ये आखिरी वक्त में बीजेपी की संभावित हार की बौखलाहट है।
Read Also: पाकिस्तान के सुरक्षाबलों ने मियांवाली एयरबेस घेरा, तीन आतंकवादी मारे गए
कांग्रेस संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि चुनाव में ED बीजेपी का मुख्य हथियार बनता है। कर्नाटक में भी ऐसा हुआ है। केसी वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि यह षड्यंत्र पीएम की तरफ से है, मुख्यमंत्री की छवि को खराब करना है।
कांग्रेस नेता अभिषेक मनु सिंघवी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में BJP का ED के साथ गठबंधन बड़ी तेजी से आगे बढ़ रहा है।सिंघवी ने कहा कि ऐसा कहने के कई कारण है।छत्तीसगढ़ पुलिस महादेव एप मामले में जांच शुरू कर देती है, बहुत सारी चीजें जब्त कर लेती है।लेकिन उसके डेढ़ साल बाद, ठीक चुनाव के समय मोदी सरकार के निर्देश पर ED इस मामले के बीच कूद जाती है।और फिर छत्तीसगढ़ के कर्मचारियों पर प्रताड़ना का दौर शुरू होता है।सिंघवी ने ED के दावे को चुनावी टाइमिंग से जोड़ते हुए जवाब दिया है।
कांग्रेस पार्टी ने अपने बयान में कहा है कि, महादेव एप पूरे देश में मौजूद है। छत्तीसगढ़ पहला राज्य है, जिसने महादेव एप के खिलाफ जांच की है। इस मामले में 70 से अधिक मामले दर्ज किए गए हैं। 450 से अधिक लोगों को गिरफ्तार किया गया है। 191 लैपटॉप, 865 मोबाइल डिवाइस, 1.5 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति, 41 लाख रुपये से अधिक नकदी और 16 करोड़ रुपये के अनुमानित मूल्य के बैंक खातों को जब्त किया गया है। कांग्रेस ने सवाल पूछे हैं कि क्या वजह है कि मुख्यमंत्री के कहने के बावजूद महादेव एप पर कार्यवाई नही की गयी।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. Total Tv App

