PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज तमिलनाडु और पुडुचेरी के अपने एक दिवसीय व्यस्त दौरे के दौरान कई परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। मदुरै में वह तिरुप्पारनकुंड्रम में अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। पिछले साल कार्तिगई दीपम उत्सव के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा एक दीपथून (पत्थर के स्तंभ) के ऊपर दीपक जलाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया था, क्योंकि स्थानीय अधिकारियों ने इस कदम का विरोध किया था।
मद्रास उच्च न्यायालय की मदुरै बेंच ने हिंदुओं को तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर, एक दरगाह के पास स्थित दीपथून के ऊपर दीपक जलाने की अनुमति दी और दो समुदायों के बीच संघर्ष की आशंका के लिए स्थानीय अधिकारियों को दोषी ठहराया। बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे दो मार्च को तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी की परिक्रमा (गिरिवालम) करें ताकि पत्थर के स्तंभ के ऊपर दीपक जलाने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया जा सके।
हिंदू मुन्नानी के प्रदेश अध्यक्ष कादेश्वर सुब्रमण्यम ने भी श्रद्धालुओं से दो मार्च को तमिल महीने मासी में शुभ माघ नक्षत्र के साथ गिरिवालम करने की अपील की है। सुब्रमण्यम ने एक बयान में कहा, “पूर्णिमा के दिन पड़ने वाला माघ नक्षत्र भगवान मुरुगन के लिए शुभ होता है। इसलिए, हम श्रद्धालुओं से आग्रह करते हैं कि वे तिरुप्पारनकुंड्रम पहाड़ी पर जाएं, जहां काशी विश्वनाथ मंदिर और सुब्रह्मण्य स्वामी मंदिर स्थित हैं, और दिव्य आशीर्वाद प्राप्त करें।”
Read Also: इजराइल में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को त्वरित सहायता सुनिश्चित करने के लिए तुरंत दूतावास में पंजीकरण कराने की सलाह दी
उन्होंने कहा कि मुरुगा श्रद्धालुओं द्वारा सार्वभौमिक कल्याण के लिए गिरिवालम का आयोजन किया जा रहा है। नागेंद्रन ने कहा कि प्रधानमंत्री रविवार को मदुरै में राजग की रैली को संबोधित करेंगे। केंद्र शासित प्रदेश की अपनी यात्रा के दौरान, प्रधानमंत्री पुडुचेरी में बुनियादी ढांचे, शहरी सेवाओं, औद्योगिक विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और सतत विकास को मजबूत करने के उद्देश्य से 2,700 करोड़ रुपये से अधिक की विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे, उन्हें राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनकी आधारशिला रखेंगे।
प्रधानमंत्री मदुरै में 4,400 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली अवसंरचना परियोजनाओं का भी उद्घाटन करेंगे। इसके साथ ही वह कई अन्य परियोजनाओं का भी उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। शाम करीब चार बजे, मोदी तिरुप्पारनकुंड्रम के अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर जाएंगे और पूजा-अर्चना करेंगे। कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11.45 बजे पुडुचेरी में परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इसके बाद, वे आधिकारिक कार्यक्रम के लिए मदुरै जाएंगे, जो करीब तीन बजे शुरू होगा।
