एयरटेल बोर्ड ने शेयरधारकों से राइट्स इश्यू के बचे हिस्से की राशि की अंतिम मांग को दी मंजूरी

airtel

एयरटेल बोर्ड ने शेयरधारकों से राइट्स इश्यू के बचे हिस्से की राशि की अंतिम मांग को मंजूरी दी दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल के निदेशक मंडल ने ‘राइट्स इश्यू’ के बचे हुए 15,700 करोड़ रुपये के आंशिक रूप से चुकता 39.2 करोड़ शेयर के लिए संबंधित शेयरधारकों से राशि मांगे जाने को मंजूरी दे दी है। यह राशि प्रति शेयर 401.25 रुपये है। इसका मतलब है कि जिन निवेशकों के पास आंशिक रूप से चुकता शेयर हैं, उन्हें अब 401.25 रुपये प्रति शेयर एक बार में जमा करना होगा।

Read Also: उच्चतम न्यायालय ने शिरोमणि अकाली दल नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की जमानत याचिका पर सुनवाई करने पर जताई सहमति

कंपनी ने कहा कि आंशिक रूप से चुकता इक्विटी शेयर पर प्राप्त राशि का उपयोग मुख्य रूप से उधारों (संचित ब्याज सहित) के पूर्व-भुगतान/पुनर्भुगतान और सामान्य कंपनी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा। इसके साथ, कंपनी के भारत में परिचालन से उत्पन्न होने वाली नकदी के कारण, दूरसंचार विभाग की देनदारियों तथा वित्त पट्टे के दायित्वों को छोड़कर, निकट भविष्य में कंपनी के भारत में परिचालन प्रभावी रूप से शुद्ध रूप से ऋण-मुक्त होने की उम्मीद है। इससे दूरसंचार कंपनी का बहीखाता मजबूत होगा।

एयरटेल ने गुरुवार शाम शेयर बाजार को दी सूचना में कहा, ‘‘…कंपनी के निदेशक मंडल ने 22 सितंबर 2021 के प्रस्ताव पत्र के अनुसार कंपनी द्वारा ‘राइट्स बेसिस’ पर जारी किए गए पांच रुपये अंकित मूल्य (1.25 रुपये प्रति शेयर का भुगतान मूल्य) के 3,92,287,662 आंशिक रूप से चुकता इक्विटी शेयर पर 401.25 रुपये प्रति शेयर (397.50 रुपये के प्रीमियम सहित) की पहली एवं अंतिम मांग को मंजूरी दे दी है।’’

Read Also: अविश्वास प्रस्ताव को लेकर CM सैनी और हुड्डा के बीच तीखी बहस, हुड्डा बोले- “वोटों की चोरी” करके सरकार बनाई

निदेशक मंडल ने आंशिक रूप से भुगतान किए गए शेयर के उन धारकों का निर्धारण करने के लिए छह फरवरी, 2026 को रिकॉर्ड तिथि निर्धारित की है। संबंधित शेयरधारकों को मांग अनुरोध के मुताबिक भुगतान करना होगा। भुगतान अवधि दो मार्च 2026 को शुरू होगी और 16 मार्च 2026 को समाप्त होगी। कंपनी ने कहा कि शेयर बाजारों पर कंपनी के आंशिक रूप से चुकता शेयर का कारोबार छह फरवरी 2026 से निलंबित कर दिया जाएगा।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *