स्वच्छता सर्वेक्षण में हरियाणा के स्थान और साक्षी मलिक के सवाल उठाने पर गृह मंत्री विज ने दिया ये बयान

चंडीगढ़। (रिपोर्ट- अनिल गाबा) केंद्र सरकार द्वारा आज स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणाम घोषित किए गए हैं। इन परिणामों में 100 से कम शहरी स्थानीय निकाय वाले राज्यों की श्रेणी में हरियाणा ने अच्छा प्रदर्शन प्रदर्शन करते हुए दूसरा स्थान प्राप्त किया है। वहीं झारखंड को पहला स्थान हासिल हुआ है। स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 की स्टेट रैंकिंग में हरियाणा ने 1678.84 अंक हासिल किए, तो वहीं पहले नंबर पर आए झारखंड ने 2325.42 अंक हासिल किए हैं। इस पर हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने खुशी जाहिर करते हुए अधिकारियों, कर्मचारियों को मुबारकबाद दी है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2020 के परिणामों में हरियाणा को दूसरा स्थान मिलने के बाद गृह मंत्री अनिल विज ने कहा “स्वच्छता सर्वेक्षण में हरियाणा देश में दूसरे नंबर पर आया है। मैं नगर निगम और नगर पालिका परिषद के अधिकारियों और कर्मचारियों को मुबारकबाद देता हूं। मुझे उम्मीद है अगली बार स्वच्छता सर्वेक्षण में हरियाणा नंबर वन आएगा।

इसके साथ ही विज ने साक्षी मलिक के सवाल उठाने पर बयान दिया कि साक्षी मलिक जब जीत कर आईं थी तो जहाज के बाहर कदम रखते ही ढ़ाई करोड़ का चैक दिया गया था। यही नहीं साक्षी के कहने पर उनके दो कोच को भी हमने ईनाम दिया है। साक्षी मलिक को नौकरी भी ऑफर की थी। उस वक्त उन्होंने कहा रेलवे में नौकरी थी उसमें प्रोमशन मिल गई है। नौकरियों के लिए नीति बनी हुई है और वेबसाइट पर अपनी काबिलियत के मुताबिक देख लें।

कोरोना के खिलाफ जंग को लेकर अनिल विज ने कहा सीरो सर्वे के जरिए एंटी बॉडी टेस्ट किया जा रहा है। ग्रामीण और शहरी लोगों के 850 सैंपल लिए गए हैं। सरकार पूरी मुस्तैदी के साथ प्रदेश में कोरोना के खिलाफ जंग लड़ रही है।

इसके अलावा साइबर सिटी गुरुग्राम में होने वाले जलभराव पर गृह मंत्री अनिल विज ने बयान दिया कि साईबर सिटी में जलभराव के लिए कमिश्नर से रिपोर्ट मांगी है। मैंने पूछा है जल निकासी क्यों नही हुई कहां-कहां जल भराव हुआ है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.