Maharashtra: महाराष्ट्र में जिला परिषदों और पंचायत समितियों के चुनावों की सोमवार यानी आज 9 फरवरी की सुबह मतगणना शुरू होने के साथ ही शुरुआती रुझानों में बीजेपी और उसकी महायुति सहयोगी शिवसेना अपने प्रतिद्वंद्वियों से आगे हैं। अलग-अलग टीवी चैनल के अनुसार, बीजेपी ने जिला परिषदों की 26 सीट पर और एकनाथ शिंदे की शिवसेना ने 13 सीट पर शुरुआती बढ़त बना ली।
हालांकि राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) 13 सीट, कांग्रेस 10 सीट और उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) छह सीट पर आगे है। यहां 12 जिला परिषदों और 125 पंचायत समितियों के चुनावों के लिए मतगणना सुबह 10 बजे शुरू हुई। राज्य में शनिवार 7 फरवरी को 12 जिला परिषदों (रायगढ़, रत्नागिरी, सिंधुदुर्ग, पुणे, सातारा, सांगली, सोलापुर, कोल्हापुर, छत्रपति संभाजीनगर, परभणी, धाराशिव और लातूर) के 731 सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान हुआ। Maharashtra Maharashtra
Read Also: विधि महाविद्यालय के छात्र ने सहपाठी की हत्या के बाद खुद को मारी गोली
इसके अलावा इनके अधिकार क्षेत्र में आने वाली 125 पंचायत समितियों की 1,462 सीट के लिए भी मतदान हुआ। जिला परिषद चुनावों में कुल 2,624 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि पंचायत समिति चुनावों में 4,814 उम्मीदवार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों धड़ों के संभावित एकीकरण की अटकलों के बीच इन चुनावों पर नजरें टिकी हुई हैं। दोनों गुटों ने पिछले दो साल की प्रतिद्वंद्विता को किनारे रखकर पुणे, सातारा, सोलापुर और सांगली में स्थानीय निकाय चुनावों को एक अनौपचारिक गठबंधन के तहत लड़ा। इन क्षेत्रों में दोनों पक्षों के उम्मीदवार मूल ‘घड़ी’ चुनाव चिह्न पर मैदान में उतरे।
