AI Impact Summit 2026: राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान स्थित भारत मंडपम में आज से देश का सबसे बड़ा AI इम्पैक्ट इंडिया समिट 2026 शुरू हो गया है। पांच दिनों तक चलने वाले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में देश-दुनिया से लाखों लोग हिस्सा लेंगे। आज शाम 5 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस मेगा AI समिट का उद्घाटन करेंगे। सम्मेलन में कई नामचीन हस्तियां, उद्योग जगत के दिग्गज, नीति-निर्माता और राजनेता भी शामिल होंगे।
16 फरवरी से 20 फरवरी तक चलने वाले इस AI इम्पैक्ट समिट के लिए भारत मंडपम को हाई-सिक्योरिटी जोन में तब्दील कर दिया गया है। सम्मेलन में कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों की मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। इसी वजह से दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने नई दिल्ली इलाके में व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। भारत मंडपम और सुषमा स्वराज भवन के आसपास कई प्रमुख सड़कों पर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है।
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक वीवीआईपी मूवमेंट के चलते मथुरा रोड पर सुब्रमण्यम भारती मार्ग टी-प्वाइंट से लेकर लोधी रोड फ्लाईओवर तक यातायात प्रभावित रहेगा। इसके अलावा राजेश पायलट मार्ग, तीस जनवरी मार्ग, अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, शांति पथ, सरदार पटेल मार्ग और कौटिल्य मार्ग पर भी आवाजाही नियंत्रित रहेगी। सी-हेक्सागन, पुराना किला रोड, भगवान दास रोड, तिलक मार्ग और नॉर्थ एक्सेस रोड भी प्रभावित इलाकों में शामिल हैं। भैरों मार्ग और मथुरा रोड पर नंदिनी डालमिया चौक तक सामान्य वाहनों की एंट्री पूरी तरह रोकी जा सकती है।
एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन जाने वाले यात्रियों के लिए वैकल्पिक रूट तय किए गए हैं। उत्तर-दक्षिण कॉरिडोर पर रिंग रोड, आश्रम चौक, सराय काले खां, राजघाट, आईएसबीटी कश्मीरी गेट, आजादपुर, पंजाबी बाग, धौला कुआं और एम्स के रास्ते सफर करने की सलाह दी गई है। रेलवे स्टेशन जाने वालों को रिंग रोड और वंदे मातरम मार्ग अपनाने को कहा गया है, जबकि एयरपोर्ट यात्रियों को मेट्रो से सफर करने की अपील की गई है। दिल्ली में जिन ट्रकों का गंतव्य नहीं है, उन्हें शहर में प्रवेश नहीं मिलेगा और ऐसे वाहनों को ईस्टर्न व वेस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे की ओर मोड़ा जाएगा।
