Delhi News: दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कंझावला में आयोजित ग्राम विकास परियोजनाओं के उद्घाटन समारोह में कहा कि दिल्ली सरकार गांवों के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में 1600 करोड़ रुपये के विकास कार्य पूरे किए गए हैं और आज 264 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने गांवों में सड़कों, नालों, स्कूलों, अस्पतालों और डिस्पेंसरी के निर्माण पर विशेष ध्यान दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य गांवों को शहरों के बराबर लाना है। रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने महिलाओं के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे कि पिंक कार्ड योजना, जिसके तहत महिलाएं बसों में फ्री यात्रा कर सकती हैं। साथ ही ये भी कहा कि उनकी सरकार लखपति बिटिया योजना के तहत बिटिया के जन्म से कॉलेज तक 1 लाख रुपये देगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार दिल्ली को विकसित और स्वच्छ बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। आने वाले 4 साल में दिल्ली की दशा बदल जाएगी और यहां के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। दिल्ली में डबल इंजन की सरकार लगातार काम कर रही है, तभी 11 हजार करोड़ की UER सड़क बन पाई है। नांगलोई, मुंडका वाले रोड को NHAI को दिया गया है और इसके दोनों तरफ बड़ा नाला और सड़क बनाने का काम हो रहा है।
Read Also: हरियाणा सरकार को वापस मिले 556 करोड़! CM सैनी बोले- दोषियों को नहीं बख्शा जाएगा…
CM रेखा गुप्ता ने कहा कि उनकी सरकार ने किसानों के लिए भी कई योजनाएं शुरू की हैं, जैसे कि नया मास्टरप्लान, जिससे किसानों को बड़ा लाभ मिलेगा। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार चकबंदी व्यवस्था को बंद करने का भी काम कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का उद्देश्य दिल्ली के लोगों को बेहतर जीवन देना है। उनकी सरकार हर क्षेत्र तक अटल कैंटीन, आरोग्य मंदिर पहुंचाने के लिए काम कर रही है।
