Weather Update: अप्रैल का महीना अभी नहीं बीता और देश के बड़े हिस्से में गर्मी ने अपने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। उत्तर, पश्चिम और मध्य भारत में तापमान लगातार बढ़ रहा है। भारतीय मौसम विभाग यानी IMD ने दिल्ली, यूपी समेत कई राज्यों के लिए हीटवेव की चेतावनी जारी कर दी है।
बता दें, उत्तर भारत में इस वक्त सूरज आग उगल रहा है। दिल्ली-NCR से लेकर उत्तर प्रदेश, राजस्थान और मध्य प्रदेश तक, हर तरफ लोग गर्मी से बेहाल हैं। IMD के मुताबिक आने वाले दिनों में हालात और बिगड़ने वाले हैं। राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां पारे ने रफ्तार पकड़ ली है। पिछले कुछ दिनों से तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 15 और 16 अप्रैल को दिल्ली का अधिकतम तापमान 39 से 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। सुबह से ही तेज धूप निकल रही है और दिन चढ़ने के साथ लू जैसे हालात बन रहे हैं। ह्यूमिडिटी बढ़ने से उमस भी परेशान कर रही है।
डॉक्टरों ने बुजुर्गों और बच्चों को खास तौर पर दोपहर के वक्त घर से बाहर न निकलने की सलाह दी है। उत्तर प्रदेश में भी हालात अलग नहीं हैं। राज्य के ज्यादातर जिलों में अधिकतम तापमान 37 से 38 डिग्री के बीच दर्ज किया जा रहा है। साफ आसमान और तेज धूप के कारण दिन के समय सड़कों पर सन्नाटा पसरने लगा है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 4 से 5 दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री की और बढ़ोतरी होगी। इसका मतलब है कि पूर्वी और पश्चिमी यूपी के कई जिलों में हीटवेव चल सकती है।गर्मी का असर सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं है। मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, विदर्भ, मराठवाड़ा और गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ इलाके भी इसकी चपेट में हैं। महाराष्ट्र के अकोला में तो पारा पहले ही 42 डिग्री सेल्सियस को छू चुका है।
Read Also: Chhattisgarh: सक्ती हादसा… पावर प्लांट बॉयलर ब्लास्ट में 13 की मौत, CM ने दिए जांच के आदेश
Weather Update- राजस्थान के कई शहरों में तापमान 40 डिग्री के पार जा चुका है। तेलंगाना में तो IMD ने ऑरेंज अलर्ट तक जारी कर दिया है, जहां अगले कुछ दिनों में तापमान 41 से 44 डिग्री तक जा सकता है।मौसम वैज्ञानिक इस अचानक बढ़ी गर्मी की वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का कमजोर पड़ना बता रहे हैं। इन सिस्टम्स के न होने से उत्तर भारत के ऊपर आसमान पूरी तरह साफ है। बादल न होने से जमीन सीधे सूरज की तपिश झेल रही है और तेजी से गर्म हो रही है। इसे ‘हीट डोम’ इफेक्ट कहा जा रहा है। इसी वजह से अप्रैल की शुरुआत में ही देश के बड़े हिस्से में 40 डिग्री वाले दिन शुरू हो गए हैं।आने वाले दिनों में राहत की उम्मीद कम है।
IMD का कहना है कि 15 अप्रैल के बाद उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में तापमान 3 से 6 डिग्री तक और बढ़ सकता है। अप्रैल के आखिरी हफ्ते में तो हालात और भी गंभीर हो सकते हैं, जब देश के कई हिस्सों में भीषण लू चलने की आशंका है। ऐसे में प्रशासन भी अलर्ट पर है। लोगों से अपील की गई है कि वे दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक घर से बाहर न निकलें। बाहर जाना जरूरी हो तो सिर ढककर जाएं और साथ में पानी की बोतल रखें। हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें और दिन में कई बार पानी या लस्सी, नींबू पानी जैसे तरल पदार्थ लेते रहें। किसानों को भी सलाह दी गई है कि वे अपनी गेहूं और चने की फसल की कटाई जल्द से जल्द पूरी कर लें, ताकि तेज गर्मी से फसल को नुकसान न हो।
