Petrol-Diesel Crisis: उत्तर प्रदेश के कुछ जिले में पेट्रोल और डीजल (Petrol-Diesel) की अचानक किल्लत हो गई है, जिसके चलते बुधवार 15 अप्रैल की सुबह कई पेट्रोल पंपों पर ताले लटक गए। हालात ये हैं कि जहां तेल मिल रहा है, वहां गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गई हैं और लोग परेशान हो रहे हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और घबराकर पेट्रोल-डीजल का स्टॉक न करने की अपील की है।
दरअसल, उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के बहराइच जिले में बुधवार की सुबह लोगों के लिए मुश्किल भरी रही। जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में कई पेट्रोल पंपों (Petrol Pump) पर पेट्रोल और डीजल (Petrol-Diesel) खत्म हो गया, जिसके बाद पंप संचालकों को ‘नो स्टॉक’ का बोर्ड लगाकर पंप बंद करने पड़े। जिन पेट्रोल पंपों पर थोड़ा-बहुत ईंधन बचा था, वहां सुबह से ही बाइक, कार और ट्रैक्टरों की लंबी लाइनें लग गईं। लोग घंटों इंतजार करने को मजबूर हुए। कई लोगों को जरूरी काम छोड़कर वापस लौटना पड़ा।
इस अचानक आई किल्लत से पूरे जिले में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। किसान सबसे ज्यादा परेशान दिखे, क्योंकि इस वक्त खेती का मुख्य सीजन चल रहा है और खेतों में ट्रैक्टर और पंपिंग सेट के लिए डीजल की सख्त जरूरत है। स्कूल जाने वाले बच्चों और ऑफिस जाने वाले लोगों को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
Petrol-Diesel Crisis- मामले पर जिला पूर्ति अधिकारी ने स्थिति साफ की। उन्होंने बताया कि ये दिक्कत दो वजहों से हुई है। पहली वजह है कि इस वक्त रबी फसल की कटाई और खरीफ की बुवाई की तैयारी चल रही है, जिस कारण खेती के लिए डीजल (Diesel) की मांग अचानक बहुत बढ़ गई है। दूसरी वजह सप्लाई में आई रुकावट है। अधिकारी के मुताबिक, पिछले एक हफ्ते में पड़ी सार्वजनिक छुट्टियों के कारण दो दिन तक ईंधन के टैंकर जिले में नहीं पहुंच पाए।
इसी गैप के कारण पंपों का स्टॉक खत्म हो गया। जिला प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और घबराकर पेट्रोल-डीजल (Petrol-Diesel) का स्टॉक न करने की अपील की है। प्रशासन का कहना है कि पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तेल की आपूर्ति श्रृंखला जरूर प्रभावित हुई है, लेकिन जिले के पास पेट्रोल और डीजल का पर्याप्त भंडार मौजूद है।
Read Also: दिल्ली में आज से हो रही जनगणना के पहले चरण की शुरुआत, इमारतों और घरों का डेटा होगा एकत्र
अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि ईंधन के टैंकर रास्ते में हैं और आज शाम या कल सुबह तक सभी पेट्रोल पंपों पर आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। फिलहाल प्रशासन ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों को निर्देश दिया है कि वे किसी भी तरह की जमाखोरी न करें और लोगों को उनकी जरूरत के हिसाब से तेल दें। साथ ही आपूर्ति व्यवस्था पर नजर रखने के लिए टीमें भी गठित कर दी गई हैं। तो बहराइच के लोगों से हमारी भी अपील है कि अफवाहों पर ध्यान न दें। प्रशासन ने साफ किया है कि तेल की कोई बड़ी कमी नहीं है और हालात जल्द सामान्य हो जाएंगे।

