कर्नाटक के कलबुर्गी जिले में एक क्रूजर वाहन और लॉरी के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शनिवार को बताया कि हादसे का शिकार हुए सभी पांचों मृतक आपस में रिश्तेदार थे। पुलिस के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार देर रात कलबुर्गी जिले के चित्तापुर तालुक के लाडलापुर गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुआ।
पुलिस ने कलबुर्गी में क्रूजर कार और लॉरी की भीषण टक्कर की इस घटना की जानकारी देते हुए बताया कि मृतकों की पहचान चित्तापुर तालुक के इंगलागी गांव निवासी तोलुसाब काशवार (27), हुसैन शाह (48), मैबूब अली (45), रसूल बी (42) और फातिमा अली (38) के रूप में हुई है।
Read Also: भारत की 4 दिवसीय यात्रा पर कोलकाता पहुंचे अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि मृतकों के एक रिश्तेदार को शुक्रवार रात निमोनिया संबंधी दिक्कत होने के बाद, आठ लोग उसे इलाज के लिए यादगीर शहर के एक अस्पताल में भर्ती कराने क्रूजर वाहन से गए थे। उन्होंने बताया कि मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने के बाद जब चालक समेत पांच लोग घर लौट रहे थे, तभी रात करीब 11 बजकर 40 मिनट पर तमिलनाडु की एक लॉरी ने क्रूजर वाहन को सामने से टक्कर मार दी।
अधिकारी के मुताबिक, टक्कर इतनी भीषण थी कि क्रूजर वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार सभी पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद लॉरी चालक मौके से फरार हो गया। इस संबंध में वाडी पुलिस थाने में मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए वाडी के सरकारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है।
