Haryana: 37 दिन बाद खत्म हुई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, 16 मांगों पर सरकार से लिखित सहमति

Haryana

Haryana में पालिका सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की 37 दिन से चल रही हड़ताल खत्म हो गई है, सरकार ने कर्मचारियों की 16 मांगों पर लिखित सहमति दी है।

News Desk: हरियाणा में पालिका सफाई कर्मचारियों और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की 37 दिन से चल रही हड़ताल शुक्रवार को खत्म हो गई। सरकार और कर्मचारी नेताओं के बीच 16 मांगों पर लिखित सहमति बनने के बाद पालिका सफाई कर्मचारी संघ के प्रदेश अध्यक्ष नरेश शास्त्री ने हड़ताल खत्म करने का ऐलान किया। कर्मचारियों ने शुक्रवार से ही काम पर लौटने की बात कही। शास्त्री के मुताबिक, हड़ताल के दौरान शहरों में जमा हुए कूड़े को साफ करने में करीब 10 दिन लग सकते हैं। समझौते में सफाई कर्मचारियों के खाली पदों पर भर्ती, सीवरमैन के वेतन में बढ़ोतरी और कर्मचारियों को कई सुविधाएं देने पर सहमति बनी है। सरकार ने रिक्त पदों की भर्ती के लिए प्रक्रिया तय होने के बाद एक महीने में चयन मापदंड तैयार करने और इसके 15 दिन के भीतर विज्ञापन जारी करने पर सहमति दी है। मापदंड तय करने वाली समिति में कर्मचारी संघ का प्रतिनिधि भी शामिल होगा।

Read Also: HARYANA: ग्रामीण सफाई कर्मियों को नायब सरकार का बड़ा तोहफा, मानदेय से लेकर भत्तों तक में बढ़ोतरी

समझौते के तहत पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों को 440 रुपये प्रतिमाह वर्दी भत्ता देने पर सहमति बनी है। सीवरमैन के वेतन में 2,100 रुपये प्रतिमाह की बढ़ोतरी की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई है। पालिका रोल के सफाई कर्मचारियों और सीवरमैन के लिए 2,000 रुपये प्रतिमाह जोखिम भत्ता देने की हिदायतें पहले ही जारी की जा चुकी हैं, जबकि नियमित कर्मचारियों को भी जोखिम भत्ता देने पर सहमति बनी। काम के दौरान मृत्यु होने पर मुख्यमंत्री हरियाणा कर्मचारी दुर्घटना बीमा योजना के तहत सहायता राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये करने की सैद्धांतिक स्वीकृति दी गई। SBI खाते वाले पात्र कर्मचारियों के लिए दुर्घटना में मृत्यु या स्थायी दिव्यांगता पर 50 लाख और आंशिक दिव्यांगता पर 25 लाख रुपये देने पर भी सहमति बनी है। कर्मचारियों और सीवरमैन को चिरायु योजना में शामिल करने तथा मेडिकल कैशलेस सुविधा देने पर भी सैद्धांतिक सहमति बनी है।

Read Also: Haryana: PM मोदी के 25 साल के सफर पर प्रदेश में बड़ा अभियान, 17 सितंबर से ‘सेवा संकल्प’ की शुरुआत

इसके अलावा एक कैलेंडर वर्ष में 20 मेडिकल अवकाश देने, योग्य कर्मचारियों को ग्रुप सी के लिपिक पदों पर पदोन्नति का रास्ता खोलने और आउटसोर्स कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन के साथ पात्रता के अनुसार ESI और EPF का लाभ सुनिश्चित करने पर सहमति बनी है। सस्पेंड किए गए नियमित कर्मचारियों की बहाली और सेवा से हटाए गए पालिका रोल/HKRNL कर्मचारियों को वापस लेने पर भी सहमति बनी है। हड़ताल की अवधि को अतिरिक्त कार्य के जरिए समायोजित करने की बात कही गई है। फायर ब्रिगेड कर्मचारियों की मांगों पर भी सरकार ने सहमति दी। फायर ऑपरेटर-कम-ड्राइवर के खाली पदों की भर्ती के मापदंड 45 दिन में तैयार करने और इसके बाद 15 दिन में विज्ञापन जारी करने का फैसला हुआ है। फायर कर्मचारियों को 5,000 रुपये जोखिम भत्ता और 7,500 रुपये वार्षिक वर्दी भत्ता देने पर भी सहमति बनी है। सरकार ने कहा कि हड़ताल के कारण नियमित फायर कर्मचारियों की सर्विस ब्रेक नहीं होगी।

Top Hindi NewsLatest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi FacebookDelhi twitter and Also Haryana FacebookHaryana Twitter 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *