चंडीगढ़(अनिल कुमार): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने शहीदी दिवस के अवसर पर सेक्टर 7, पंचकूला में शहीद-ए-आज़म भगत सिंह के नाम पर बनने वाले सामुदायिक केन्द्र का शिलान्यास किया। इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने शहीद भगत सिंह चौक, सेक्टर 15 स्थित शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन् किया।
मुख्यमंत्री ने उपस्थित जन समूह से आहवान करते हुए कहा कि हमें क्रांतिकारियों और वीर शहीदों द्वारा दिलाई गई आज़ादी को अवसर मान कर अपने स्वाभिमान तथा गौरव को कायम रखते हुए आगे बढना होगा तथा समाज में व्याप्त कुरीतियों जैसे नशा, महिलाओं के प्रति अपराध व देश विरोधी ताकतों के खिलाफ लड़ना होगा। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपना सामाजिक दायित्व पहचानते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दिये गए मूल मंत्र ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के अनुरूप आगे बढना होगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दिन लोगों को शहीद भगत सिंह की किसी एक आदत का अनुसरण करते हुए उसे अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह को पढ़ने की आदत थी और जेल के दौरान भी वे कुछ न कुछ पढ़ते रहते थे। इसलिए हमें अपने जीवन में ज्ञान को बढाते रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि हम सभी के पास ऊर्जा है और उस ऊर्जा को सही दिशा में उपयोग करने के लिए ज्ञान आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि देश की आज़ादी के 75 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष में देश में आज़ादी का अमृत महोत्सव के तहत अनेक छोटे-बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्हें यह बताते हुए हर्ष हो रहा है कि इन कार्यक्रमों के आयोजन में हरियाणा पहले नंबर पर है।
Also Read रेलवे ने किया रास्ता बंद, आम लोगों की बढ़ी परेशानी
मुख्यमंत्री ने कहा कि 23 मार्च एक तारीख नहीं है, यह एक कहानी है, शहीद भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु, एक विचारधारा हैं, एक जज्बा है । उन्होंने कहा कि भारत वर्ष पूरी दुनिया में मात्र एक ऐसा देश है जहां ऐसी गौरव गाथाएं सुनने को मिलती हैं। हमारे देश के क्रांतिकारियों ने देश को आजादी दिलवाने के लिए अपने प्राण न्यौछावर कर दिये थे।
ऐसे ही क्रांतिकारियों में भगत सिंह थे, जिन्होंने देश के प्रति अपने जीवन को समर्पित, त्याग और बलिदान कर दिया और हंसते-हंसते अंग्रेजी हुकूमत से लड़ते हुए फांसी पर झूल गए। उन्होंने कहा कि आज शहीद भगत सिंह की शहादत को 90 वर्ष हो चुके हैं लेकिन आने वाली पीढ़ियां शताब्दियों तक उनकी गौरव गाथाओं को याद रखेंगी।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

