दिल्ली विधानसभा चुनाव के आज नतीजे सामने आ रहे हैं और तस्वीर भी लगभग साफ हो चुकी है, क्योंकि कई सीटों पर जीत और हार का ऐलान हो चुका है और कुछ सीटों पर मतगणना अब अपने अंतिम चरण की ओर है। फिलहाल चुनाव आयोग के जारी आंकड़ों के मुताबिक दिल्ली में BJP को 48 और AAP को 22 सीटें मिल रही हैं।
दिल्ली के इस चुनाव में BJP की बल्ले-बल्ले हो गई, वहीं केजरीवाल, सिसोदिया, सौरभ भारद्वाज सहित AAP के कई दिग्गजों को चुनाव में हार का सामना करना पड़ा है। दिल्ली चुनाव में जनता के जनादेश और BJP की जीत पर पार्टी के शीर्ष नेताओं की ओर से बधाई देने का सिलसिला जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली में BJP की जीत पर PM मोदी ने दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए कहा- जनशक्ति सर्वोपरि! ‘विकास जीता, सुशासन जीता ।’ वहीं BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने भी दिल्लीवालों को बधाई दी है।
Read Also: केंद्र सरकार भारत में संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने के लिए प्रयास कर रही है- प्रियंका गांधी वाड्रा
आपको बता दें, दिल्ली चुनाव में मिली बंपर जीत के बाद PM मोदी शाम 7 बजे BJP दफ्तर भी जाएंगे और वहां पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ दिल्लीवालों को संबोधित करेंगे। PM मोदी ने दिल्लीवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि, “जनशक्ति सर्वोपरि! विकास जीता, सुशासन जीता।
दिल्ली के अपने सभी भाई-बहनों को @BJP4India को ऐतिहासिक जीत दिलाने के लिए मेरा वंदन और अभिनंदन! आपने जो भरपूर आशीर्वाद और स्नेह दिया है, उसके लिए आप सभी का हृदय से बहुत-बहुत आभार। दिल्ली के चौतरफा विकास और यहां के लोगों का जीवन उत्तम बनाने के लिए हम कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेंगे, यह हमारी गारंटी है। इसके साथ ही हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि विकसित भारत के निर्माण में दिल्ली की अहम भूमिका हो। मुझे @BJP4India के अपने सभी कार्यकर्ताओं पर बहुत गर्व है, जिन्होंने इस प्रचंड जनादेश के लिए दिन-रात एक कर दिया। अब हम और भी अधिक मजबूती से अपने दिल्लीवासियों की सेवा में समर्पित रहेंगे।”
Read Also: शख्स को स्टंट करना पड़ा भारी, लाइटर तोड़ने के चक्कर में चेहरे फैली आग
BJP के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने दिल्लीवालों को बधाई देते हुए कहा कि, “‘आप-दा’ मुक्त दिल्ली ! आज दिल्ली विधानसभा चुनाव के परिणाम में भारतीय जनता पार्टी की प्रचण्ड विजय आदरणीय प्रधानमंत्री @narendramodi जी के कुशल नेतृत्व में सेवा, सुशासन, गरीब कल्याण, अंत्योदय व विकासपरक नीतियों पर जनता – जनार्दन के अटूट समर्थन की जीत है। प्रत्येक बूथ पर अथक परिश्रम करने वाले भाजपा के हमारे कार्यकर्ताओं और प्रदेश नेतृत्व को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूँ।
‘आप-दा’ सरकार ने दिल्ली में भ्रष्टाचार, कुशासन, और तुष्टिकरण की सारी सीमाएं लांघ दी थी। आज दिल्ली उनके झूठ, छल और प्रपंच से मुक्त होकर प्रगति और प्रतिष्ठा के नए युग में अपनी यात्रा आरंभ कर रही है। यह जनादेश ‘विकसित दिल्ली-विकसित भारत’ के हमारे संकल्प को साकार स्वरूप प्रदान करेगा। इस प्रचण्ड विजय के लिए मैं प्रधानमंत्री जी के प्रति आभार प्रकट करता हूँ और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं और दिल्लीवासियों का अभिनंदन करता हूँ।”
