दिल्ली में कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर CM केजरीवाल ने समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को दिए ये निर्देश

दिल्ली। (रिपोर्ट- विश्वजीत झा) देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में बेतहाशा बढ़ोतरी के बाद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अधिकारियों के साथ हालात की समीक्षा बैठक की है। उन्होंने अधिकारियों को हर हाल में कोरोना संक्रमण रोकने के निर्देश दिए हैं।

आपको बता दें, दिल्ली में कोरोना के भयावह आंकड़ों को देखते हुए केजरीवाल सरकार भी अब सतर्क हो गई है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री, मुख्य सचिव, सभी अस्पतालों के मेडिकल सुपरिंटेंडेंट और लैब संचालकों के साथ समीक्षा बैठक की है। बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को हर हाल में कोरोना संक्रमण रोकने के निर्देश दिए हैं।

इसके अलावा एक्सपर्ट्स ने दिल्ली में कोरोना संक्रमण बढ़ने के पीछे तीन मुख्य कारण बताए हैं। जिनमें पहला टेस्टिंग में बढ़ोतरी, दूसरा अनलॉक के बाद रोजगार की तलाश में बाहर से दिल्ली आने वाले लोग और तीसरा कुछ लोगों के द्वारा कोरोना टेस्टिंग नहीं कराने की लापरवाही।

मुख्यमंत्री केजरीवाल ने सभी अस्पतालों को और अधिकारियों को कोरोना संक्रमण रोकने के लिए हर संभव कोशिश करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने अस्पतालों को पूरी मदद का भरोसा भी दिया है। समीक्षा बैठक में सीएम केजरीवील ने कोरोना टेस्टिंग को और बढ़ाने, सार्वजनिक जगहों पर नियम का सख्ती से पालन करवाने, मौत के आंकड़ों को कम करने, कोरोना एप का नियमित अपडेट, लैब संचालको को ज्यादा से ज्यादा टेस्ट करने के निर्देश दिए हैं।

करोना को काबू करने के लिए दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने अधिकारियों से लेकर अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट और लैब संचालकों को पूरी छूट दी है और हर संभव मदद का भरोसा भी दिया है। लिहाजा अब यह देखना जरूरी होगा कि जांच बढ़ने के साथ कोरोना की रोकथाम के लिए सरकार क्या सिर्फ जागरूकता अभियान से काम चलाएगी या फिर सख्त कदम भी उठाएगी।

गौरतलब है, दिल्ली में लगातार कोरोना संक्रमण बढ़ रहा है, जिसके चलते मामले भी बढ़ रहे हैं। दिल्ली में आज बीते 24 घंटे में 4,039 नए कोरोना केस सामने आए हैं और 20 मरीजों की मौत भी हो गई है। राजधानी में कोरोना से मौत का कुल आंकड़ा 4,638 हो गया है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.