प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने कथित शिक्षक भर्ती घोटाले से जुड़े धनशोधन मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी और कुछ अन्य लोगों के खिलाफ नए सिरे से शनिवार को छापे मारे हैं।
ED के अधिकारियों के अनुसार, जिन स्थानों पर तलाशी ली गई उनमें कोलकाता स्थित चटर्जी का आवास और इस मामले में जेल में बंद कथित बिचौलिए प्रसन्ना कुमार रॉय का घर शामिल हैं। तृणमूल कांग्रेस से निलंबित नेता चटर्जी 2011 में पार्टी के सत्ता में आने से पहले उसके महासचिव और प्रमुख रणनीतिकार रह चुके हैं।
Read Also: अयोध्या: श्रद्धालु 13 अप्रैल से राम मंदिर परिसर के बाहर पूजा करने के लिए दूसरे मंदिरों में भी जा सकेंगे
अधिकारियों ने बताया कि यह कार्रवाई पश्चिम बंगाल केंद्रीय विद्यालय सेवा आयोग (SSC) द्वारा कक्षा नौ से 12 तक के सहायक शिक्षकों की भर्ती से जुड़े कथित घोटाले में पूछताछ के लिए चटर्जी के तीन बार उपस्थित नहीं होने के बाद की गई।
ED ने प्राथमिक शिक्षक भर्ती घोटाले के सिलसिले में जुलाई 2022 में चटर्जी को गिरफ्तार किया था। हाल ही में उच्चतम न्यायालय ने उन्हें इस मामले में सशर्त जमानत दी थी, जिसके बाद वह जेल से बाहर आ गए हैं। संघीय जांच एजेंसी उनके खिलाफ प्राथमिक शिक्षकों, SSC सहायक शिक्षकों तथा SSC ग्रुप ‘सी’ और ‘डी’ कर्मचारियों की भर्ती से जुड़े कई मामलों की जांच कर रही है।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

