N. Chandrababu Naidu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) को उनके जन्मदिन पर बधाई देते हुए सोमवार यानी आज 20 अप्रैल को कहा कि उनके नेतृत्व में राज्य सभी क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। आंध्र प्रदेश की सत्तारूढ़ तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के प्रमुख नायडू सोमवार को अपना 76वां जन्मदिन मना रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के कर्मठ मुख्यमंत्री और मेरे अच्छे मित्र चंद्रबाबू नायडू (N. Chandrababu Naidu) गारू को हार्दिक शुभकामनाएं। उनके नेतृत्व में आंध्र प्रदेश सभी क्षेत्रों में प्रगति की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। मैं ईश्वर से उनकी दीर्घायु और स्वस्थ जीवन की कामना करता हूं।” आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नजीर और युवजन श्रमिक रायथु कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) प्रमुख वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने भी मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
Read Also: हुबली जा रही फ्लाइट बेंगलुरू डायवर्ट! खराब मौसम के चलते 3 घंटे हवा में भटका विमान
नेताओं ने नायडू के अच्छे स्वास्थ्य, दीर्घायु और राज्य को समृद्धि और विकास की ओर ले जाने के लिए निरंतर शक्ति की कामना की। राज्यपाल नजीर ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “नायडू को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। ईश्वर उन्हें अच्छा स्वास्थ्य और दीर्घायु दें तथा आंध्र प्रदेश को समृद्धि और विकास के पथ पर अग्रसर करने के उनके संकल्प को मजबूत करने के लिए अपनी कृपा बरसाएं।” जगन ने ‘एक्स’ पर पोस्ट में लिखा, “नायडू को जन्मदिन की शुभकामनाएं। आपको स्वस्थ और दीर्घायु होने की शुभकामनाएं!”
