Haryana: हरियाणा के नूंह में एक नर्स के साथ हुए गैंगरेप और बंधक बनाने के मामले में पुलिस ने आरोपी ट्रक ड्राइवर जहीर को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी ने शादी का वादा करके उस पर इस्लाम धर्म अपनाने का दबाव डाला और उसके साथ कई बार रेप किया। जब उसने मना किया तो आरोपी ने उसे जान से मारने और उसका आपत्तिजनक वीडियो सोशल मीडिया पर डालने की धमकी दी।
जानकारी के मुताबिक पीड़िता किसी तरह शनिवार 28 मार्च की रात भाग गई और फिरोजपुर झिरका शहर के पुलिस थाने पहुंची, जहां एफआईआर दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी नूंह जिले के धोंध गांव का रहने वाला है और उसे रविवार 29 मार्च को नूंह की अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
Read Also: West Bengal Election: कांग्रेस ने 284 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची की जारी
पुलिस ने बताया कि शिकायत के बाद फिरोजपुर झिरका पुलिस थाने में आरोपी के खिलाफ रेप, ब्लैकमेल और हरियाणा गैरकानूनी धर्म परिवर्तन निवारण अधिनियम 2022 समेत कई धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि आरोपी जाहिर ने पहले उनसे ऑनलाइन दोस्ती की और इसके बाद उसने शादी का झांसा देकर बुलाया, जहां एक होटल में उनके साथ जबरदस्ती दुष्कर्म किया। डीएसपी अजायब सिंह ने बताया कि पीड़िता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया था। सभी तथ्यों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने बताया कि आरोपी को जल्द ही सजा दिलाई जाएगी।
