नाबालिग लड़की से दुष्कर्म मामले में तांत्रिक समेत पीड़िता की मां भी गिरफ्तार

यमुनानगर। (रिपोर्ट- राहुल सहजवानी) हरियाणा के यमुनानगर में एक नाबालिग बच्ची जिसकी उम्र करीब 17 साल है उसके साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। इस मामले में शिकायत के बाद पुलिस ने नाबालिग से रेप करने वाले तांत्रिक और पीड़िता की मां को भी गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, सबसे हैरान करने वाली बात यह है कि हर बार नाबालिग की मां और मौसी खुद अंधविश्वास में डूबकर तंत्र मंत्र के नाम पर इलाज के लिए रात के समय अपनी बेटी को तांत्रिक के पास छोड़ आती थीं। वहीं तांत्रिक झाड़ फूंक का ढोंग रचाकर नाबालिग बच्ची के साथ लंबे समय तक दुष्कर्म की वारदात का अंजाम देता रहा। बच्ची अपनी मां को आपबीती सुनाती रही लेकिन मां और मौसी ने उसकी एक ना सुनी। इस वारदात का खुलासा तब हुआ जब यह बात बच्ची के पिता को पता चली और उसने पुलिस से इसकी शिकायत कर इंसाफ की गुहार लगाई। बच्ची के पिता ने आरोपी तांत्रिक के साथ अपनी पत्नी यानी बच्ची की मां और मौसी के खिलाफ भी रिपोर्ट दर्ज कराई थी।

आपको बता दें, हरियाणा के यमुनानगर में पुलिस ने तांत्रिक विद्या के सहारे नाबालिग लड़की का कई बार रेप करने वाले आरोपी तांत्रिक को गिरफ्तार कर अपने शिकंजे में ले लिया है। इसके साथ पीड़िता की मां जो बच्ची को तांत्रिक के पास ले जाती थीं उसे भी गिरफ्तार कर लिया है।

यमुनानगर महिला थाना प्रभारी सोमवती ने बताया है कि यमुनानगर के एक गांव की 17 वर्षीय नाबालिग पीड़िता के पिता ने शिकायत देकर आरोप लगाया था कि इंद्री के बीबीपुर जाटान के रहने वाले तांत्रिक ने उसकी बेटी के साथ दुष्कर्म किया है। शिकायत में आरोप लगाया गया की युवती की मां और उसकी मौसी इस युवती को पथरी निकलवाने के लिए तांत्रिक के पास ले जाते थे। जहां उसने रादौर की एक धर्मशाला में युवती के साथ रेप किया। यह घटना दिसंबर 2019 की है। इसके बाद यह क्रम लगातार चलता रहा और बार-बार युवती को उसकी मां व मौसी पथरी निकलवाने के बहाने तांत्रिक के पास ले जाते रहे। इस दौरान तांत्रिक लड़की से दिया जलवाकर उसके पास बैठता, फिर उसे कमरे में ले जाकर उसके साथ रेप करता था। ऐसा अलग-अलग स्थानों पर कई बार किया गया। इससे परेशान पीड़िता ने इस संबंध में मां और मौसी को यह ये बात बताई तो उन्होंने उसकी एक नहीं सुनीं, उसके बाद पीड़ित नाबालिग ने अपने पिता को ये जानकारी दी। पिता ने थाने में शिकायत कर मामला दर्ज कराया था।

इसके अलावा महिला थाना प्रभारी सोमवती ने बताया कि पुलिस ने पॉक्सो एक्ट और आईपीसी की धारा 506 के तहत केस दर्ज कर तांत्रिक एवं पीड़िता की मां को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें जुडिशियल कस्टडी में भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में अभी तक की जांच में तांत्रिक व युवती की मां शामिल नजर आई हैं। आरोपी तांत्रिक ने भी पूछताछ में इन आरोपों को स्वीकार कर लिया है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.