West Asia Crisis: कुवैत में एक बिजली और जल अलवणीकरण संयंत्र पर किए गए ईरान के हमले में एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई। कुवैत की सरकारी समाचार एजेंसी ‘केयूएनए’ ने सोमवार यानी आज 30 मार्च को यह जानकारी दी। रिपोर्ट के अनुसार कुवैत के विद्युत, जल एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय ने बताया कि हमले के दौरान उसके बिजली और जल शोधन संयंत्र स्थित एक इमारत क्षतिग्रस्त हो गई।
हालांकि जिस संयंत्र को निशाना बनाया गया, उसकी पहचान उजागर नहीं की गई है। अधिकारियों ने इस घटना को ‘‘बर्बर हमला’’ करार दिया है। ‘गल्फ न्यूज’ की रिपोर्ट के मुताबिक, मंत्रालय की प्रवक्ता फातिमा जौहर हयात ने कहा कि हमले में एक भारतीय कर्मचारी मारा गया। उन्होंने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने और प्रभावों से निपटने के लिए तकनीकी और आपात प्रतिक्रिया दलों को तुरंत मौके पर तैनात किया गया।
Read Also: डोनाल्ड ट्रंप का दावा! ईरान के प्रमुख तेल क्षेत्र खार्ग द्वीप पर कब्जा कर सकता है अमेरिका
West Asia Crisis- हयात के अनुसार, विशेषज्ञ टीम सुरक्षा एजेंसियों और अन्य संबंधित विभागों के साथ समन्वय करते हुए क्षतिग्रस्त परिसर को सुरक्षित करने में जुटी हैं। मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया कि देशभर में बिजली और पानी आपूर्ति नेटवर्क की संचालन क्षमता सामान्य बनी हुई है। हाल ही में, संयुक्त अरब अमीरात में हवाई रक्षा प्रणाली द्वारा नष्ट की गई मिसाइलों के मलबे के सड़क पर गिरने से एक भारतीय नागरिक की मौत हो गई थी।
