गुयाना फेरी हादसे में मरने वालों की संख्या बढ़कर 72 हुई, बचाव अभियान जारी

गुयाना के तट पर सरकारी फेरी पलटने से मरने वालों की संख्या बढ़कर 72 हो गई है। बहुराष्ट्रीय बचाव टीमें अभी भी बचाव अभियान चला रही हैं और आंशिक रूप से डूबी हुई नाव को बाहर निकालने का काम कर रही हैं

अधिकारियों ने बताया कि एमवी बरीमा से 76 लोगों को बचाया गया। ये जहाज शनिवार को जॉर्जटाउन से पोर्ट कैटुमा जाते समय एस्सेक्विबो तट के पास अटलांटिक महासागर में पलट गया था। अधिकारियों का अनुमान है कि जहाज पर लगभग 179 लोग सवार थे। सरकार ने चेतावनी दी है कि मरने वालों की संख्या बढ़कर 100 तक पहुंच सकती है, जिससे ये देश की सबसे घातक समुद्री दुर्घटना बन जाएगी।

प्रधानमंत्री मार्क फिलिप्स ने कहा कि लापता लोगों को खोजने के लिए सर्च ऑपरेशन का दायरा बढ़ा दिया गया है। ब्राजील और त्रिनिदाद-टोबैगो के गोताखोर 87 साल पुरानी फेरी को बाहर निकालने और उसमें किसी संभावित मैकेनिकल खराबी की जांच करने के काम में मदद कर रहे हैं।

Read Also: सोनम वांगचुक ने केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा और जितेंद्र सिंह की मौजूदगी में 26 दिनों बाद तोड़ा अनशन

पुलिस ने आपराधिक जांच शुरू कर दी है और तीन लोगों को हिरासत में लिया है। इनमें बचाए गए कैप्टन, मारिजुआना परीक्षण में सकारात्मक पाए गए एक क्रू मेंबर और फेरी पर सामान लादने की देखरेख के लिए जिम्मेदार मरीन सुपरिटेंडेंट शामिल हैं।

सरकार का कहना है कि जहाज अपनी यात्री और सामान की क्षमता के अंदर चल रहा था, लेकिन कई बचे हुए लोगों ने आरोप लगाया है कि फेरी में क्षमता से ज्यादा लोग सवार थे।
अधिकारियों ने बताया कि फेरी की लिस्ट में 116 यात्री और 17 क्रू सदस्य दर्ज थे, जबकि जांचकर्ताओं का मानना ​​है कि उस पर कुल 179 लोग सवार थे।

सरकार ने बताया कि एमवी बरीमा की 2024 में बड़ी मरम्मत की गई थी और अक्टूबर में इसकी और मरम्मत होनी थी। सरकार ने ये भी कहा कि भारत से खरीदी गई नई फेरी अभी तक सेवा में नहीं आई है क्योंकि पोर्ट कैटुमा में इंफ्रास्ट्रक्चर का काम अभी पूरा नहीं हुआ है।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *