Eid 2026: पश्चिम दिल्ली के उत्तम नगर इलाके में शनिवार यानी आज 21 मार्च को कड़ी सुरक्षा के बीच ईद-उल-फितर के मौके पर लोगों ने नमाज अदा की। चार मार्च को हुई हत्या के बाद तनाव व्याप्त रहने के मद्दनेजर यहां ईद के मौके पर बड़ी संख्या में पुलिसबल तैनात किया गया ।
एक अधिकारी ने बताया कि हस्तसाल गांव और आसपास के इलाकों में दिल्ली पुलिस और अर्धसैनिक बलों की भारी तैनाती की गई है; प्रवेश और निकास गेटों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और पहचान के लिए कड़ी जांच की जा रही है। कुछ हिस्सों में, सत्यापन के बाद केवल निवासियों को ही प्रवेश की अनुमति दी जा रही है, जबकि बाहरी लोगों की आवाजाही प्रतिबंधित है।
Read Also: Eid Ul Fitr 2026: ईद-उल-फितर! राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी ने दी ईद की मुबारकबाद
Eid 2026- इसके अलावा, किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए टीमें नियमित रूप से गश्त कर रही हैं और सीसीटीवी कैमरों के जरिए छतों, संकरी गलियों और अन्य संवेदनशील इलाकों पर नजर रख रही हैं। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए व्यापर इंतजाम किए गए हैं। हम सभी गतिविधियों पर पैनी नजर रखे हुए है।” होली के दिन चार मार्च को जे.जे. कॉलोनी में दो पड़ोसी परिवारों के बीच हुई झड़प में घायल होने के बाद तरुण (26) की मौत हो गई।
पुलिस ने मामले में अब तक दो नाबालिगों को हिरासत में लिया है और 12 लोगों को गिरफ्तार किया है। अधिकारियों ने कहा कि अफवाहों पर रोक लगाने और भड़काऊ सामग्री के प्रसार को रोकने के लिए वे सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर बनाए हुए हैं।
