असम के विधानसभा चुनाव में BJP को मिली बंपर जीत के बाद मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा आज राज्यपाल से मुलाकात करके उन्हें अपना इस्तीफा सौंप सकते हैं, जिससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि, “अंतिम परिणाम राज्यपाल को सौंपे जाने के बाद मैं उनसे मिलूंगा और अपना इस्तीफा दे दूंगा। इससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त होगा।”
Read Also: केंद्रीय मंत्रिमंडल ने कपास उत्पादकता बढ़ाने को 5,659 करोड़ रुपये के मिशन को मंजूरी दी
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी आज सुबह राज्यपाल को अंतिम परिणाम सौंपने वाले हैं। राज्य विधानसभा की 126 सीट में से 102 सीट जीतकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) लगातार तीसरी बार सरकार बनाएगा। BJP को 82 सीट पर जीत मिली, जबकि उसके सहयोगी असम गण परिषद और बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट ने 10-10 सीट पर जीत हासिल की है। चुनाव से पहले हिमंता बिस्वा सरमा को सत्ताधारी गठबंधन के मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार के रूप में पेश किया गया था।
हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा कि विधायक दल के नेता के चयन के लिए केंद्रीय पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त जे. पी. नड्डा और सह-पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त नायब सिंह सैनी के निर्देशों के अनुसार नव निर्वाचित BJP विधायकों की बैठक बुलाई जाएगी।
मुख्यमंत्री सरमा ने कहा, “मैं नड्डा से बात करूंगा और उनके द्वारा तय की गई तारीख के अनुसार विधायकों को बुलाऊंगा। इसके साथ ही सरकार गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।” इसके साथ ही उन्होंने कहा कि नई विधानसभा में विपक्ष के नेता का पद शायद न हो, क्योंकि विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी कांग्रेस के पास 19 विधायक हैं, जबकि उस पद को पाने के लिए किसी पार्टी के कम से कम 22 विधायकों की आवश्यकता होती है। उन्होंने कहा, “अत: संवैधानिक मानदंडों के अनुसार, विपक्ष का कोई नेता नहीं होगा। लेकिन सभी दलों के अपने-अपने विधायक दल के नेता होंगे।”
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter
