सिरसा में लाखों की हेरोइन सहित कार सवार एक युवक गिरफ्तार

सिरसा। (रिपोर्ट- सतनाम सिंह) हरियाणा में नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं। इसी कड़ी में आज सिरसा में एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने डीसी कॉलोनी क्षेत्र से कार सवार एक युवक को 350 ग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है, जिसकी अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत लाखों में आंकी जा रही है।

आपको बता दें, एंटी नारकोटिक्स सेल पुलिस ने आज डीसी कॉलोनी क्षेत्र से कार सवार एक युवक को 350 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 35 लाख तक हो सकती है। आरोपी की पहचान जितेंद्र कुमार उर्फ जीतू पुत्र रामअवतार निवासी जवाहर नगर आदमपुर मंडी के रूप में हुई है। हाल में यह युवक डीसी कॉलोनी में किराए के मकान में रह रहा है। आरोपी के खिलाफ सिविल लाइन थाना में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।

डीएसपी आर्यन चौधरी ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स पुलिस टीम गश्त व चैकिंग के दौरान डीसी कॉलोनी क्षेत्र में मौजूद थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार रुकवाई और तलाशी लेने पर उसमें से 350 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि अंतर्राष्ट्रीय बाजार में इस हेरोइन की कीमत 35 लाख रूपये है। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि यह हेरोइन पंजाब क्षेत्र में सप्लाई की जा जानी थी। सप्लायर सहित दो लोगों के खिलाफ सिविल लाईन थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। अब आगे की कार्रवाई में इसे न्यायालय में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हेरोइन तस्करी से जुड़े अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके और फिर इसके बाद इनके गिरोह का भंडाफोड़ किया जा सके।

इसके दूसरी ओर हरियाणा सरकार लगातार दावे करती है कि प्रदेश में युवाओं को नशे से दूर रखने और नशा तस्करों पर शिकंजा कसने के लिए सरकार प्रयासरत है और सख्त कदम उठा रही है। मगर सरकार की सख्ती के बावजूद भी नशा तस्करों के हौसले बुलंद हैं।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.