अगस्‍त महीने में 10 साल बाद दिल्‍ली हुई ठंडी

दिल्‍ली – आज सुबह एक बार फिर दिल्ली–एनसीआर के कुछ हिस्सों में बारिश हुई। मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले कुछ घंटों के दौरान दिल्ली के कई स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश के साथ गरज के साथ बौछारें पड़ती रहेंगी। देर रात से हो रही बारिश ने दिल्‍ली और एनसीआर के तापमान को 27 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा दिया जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। इसके साथ ही बारिश के कारण पिछले 10 सालों के बाद दिल्‍ली में अगस्‍त महीने में इतना कम तापमान दर्ज किया गया है। बुधवार को 24 घंटों के दौरान राजधानी में 40.2 एमएम बारिश दर्ज हुई। जबकि आया नगर में सबसे अधिक 68.9 एमएम बारिश दर्ज की गई।

मौसम विभाग की ओर से कहा गया है कि आईजीआई एयरपोर्ट, दादरी, गाजियाबाद, एटा, नोएडा, ग्रेटर–नोएडा, बल्लभगढ़, फरीदाबाद, गुरुग्राम, मानेसर, सोहना, मोदीनगर, मेरठ और अन्य आस–पास के इलाकों सहित कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी। राजधानी दिल्‍ली में बुधवार को हुई बारिश के बाद कई जगहों पर पानी भर गया था। कई अंडरपास भी पानी से भर गए थे तो कहीं–कहीं पेड़ गिरे और कई जगह बिजली के खंभे भी उखड़ गए हैं।

दिल्‍ली के अलावा हरियाणा के गुरूग्राम में तो कई जगहों पर सड़कें पूरी तरह से डूब गई और गाडि़यां भी बारिश के पानी में डूब गईं। यही हाल फरीदाबाद, नोएडा और गाजियाबाद के भी कई इलाकों में देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार तापमान 31 डिग्री के आसपास रह सकता है। इसके बाद शुक्रवार से फिर उमस लोगों को परेशान कर सकती है। बारिश हल्की होने की वजह से तापमान फिर से 35 डिग्री के आसपास पहुंच जाएगा। उम्मीद की जा रही है कि 25 अगस्त के आसपास फिर से एक बार बारिश दर्ज हो सकती है। 

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *