नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में PM मोदी-बेल्जियम PM वेवर के बीच व्यापक बातचीत हुई। दोनों देशों ने व्यापार बढ़ाने, रक्षा सहयोग मजबूत करने और आतंकवाद के खिलाफ मिलकर काम करने पर जोर दिया।
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बेल्जियम के प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर के बीच गुरुवार को नई दिल्ली के हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय वार्ता हुई। डी वेवर 2 से 4 सितंबर तक भारत की आधिकारिक यात्रा पर हैं। फरवरी 2025 में बेल्जियम के प्रधानमंत्री बनने के बाद यह उनकी पहली भारत यात्रा है। बातचीत में व्यापार, निवेश, रक्षा, तकनीक, ऊर्जा, सेमीकंडक्टर, समुद्री सुरक्षा और लोगों के बीच संपर्क जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। इससे पहले बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने राजघाट पहुंचकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। PM मोदी ने उनके सम्मान में दोपहर के भोज का भी आयोजन किया। दोनों नेताओं ने प्रथम विश्व युद्ध के दौरान फ्लैंडर्स के मैदानों में शहीद हुए 9,000 से अधिक भारतीय सैनिकों के बलिदान को याद किया।PM मोदी
Read Also-राघव चड्ढा का नाम SIR ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से हटा… चुनाव आयोग ने मांगा जवाब
आर्थिक क्षेत्र में दोनों देशों ने अगले पांच वर्षों में द्विपक्षीय व्यापार दोगुना करने का लक्ष्य रखा। इसके लिए इंडिया-बेल्जियम इन्वेस्टमेंट फास्ट-ट्रैक मैकेनिज्म शुरू किया गया है। रक्षा क्षेत्र में दोनों देशों के रक्षा मंत्रालयों के बीच लेटर ऑफ इंटेंट पर हस्ताक्षर हुए। इससे सैन्य आदान-प्रदान, प्रशिक्षण, शोध और रक्षा उद्योगों के बीच सहयोग बढ़ाने का ढांचा तैयार होगा। भारत और बेल्जियम की रक्षा कंपनियों के बीच भी कई साझेदारियों और समझौतों का स्वागत किया गया। इसके अलावा CBI और बेल्जियम फेडरल पुलिस के बीच सीमा-पार संगठित अपराध और साइबर अपराध से निपटने के लिए समझौता हुआ। नवीकरणीय ऊर्जा पर नए सिरे से समझौते के तहत ग्रीन हाइड्रोजन, सौर ऊर्जा, ऊर्जा भंडारण और ऑफशोर विंड जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाया जाएगा। सेमीकंडक्टर क्षेत्र में भारत के तकनीकी तंत्र और बेल्जियम के IMEC संस्थान के बीच सहयोग बढ़ाने पर भी सहमति बनी।PM मोदी
आतंकवाद के मुद्दे पर बेल्जियम के प्रधानमंत्री ने भारत के साथ एकजुटता जताई और अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले की फिर निंदा की। दोनों नेताओं ने कहा कि आतंकवाद को किसी भी रूप में जायज नहीं
ठहराया जा सकता। आतंकियों, उनके नेटवर्क, सुरक्षित ठिकानों और वित्तपोषण के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्रवाई की जरूरत बताई गई। दोनों देश भारत-बेल्जियम संयुक्त आतंकवाद निरोधक कार्य समूह बनाने की संभावना भी तलाशेंगे। पश्चिम एशिया और यूक्रेन की स्थिति पर PM मोदी ने कहा कि भारत और बेल्जियम संवाद और कूटनीति के जरिए संघर्षों को जल्द खत्म करने और शांति बहाल करने के सभी प्रयासों का समर्थन करते हैं। पीएम मोदी ने वैश्विक अस्थिरता के बीच भारत की अर्थव्यवस्था की गति का भी जिक्र किया और पिछली तिमाही में 7.8 प्रतिशत वृद्धि की बात कही। दोनों देशों ने भारत-ईयू मुक्त व्यापार समझौते की वार्ता पूरी होने का स्वागत किया और इसके समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।PM मोदी
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter
