संसद में शीतकालीन सत्र का दौर जारी है। 9वें दिन की कार्यवाही के दौरान राज्यसभा में कांग्रेस सांसद की बेंच पर नोटों की गड्डी मिलने को लेकर हंगामा हुआ। जेपी नड्डा ने इस पर सवाल उठाते हुए स्पीकर जगदीप धनखड़ से जांच की मांग की। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने दावा किया कि गुरुवार को वे राज्यसभा में कुल 3 मिनट के लिए ही गए थे और साथ ही सत्ता पक्ष पर राजनीति करने के आरोप लगाए।
Read Also: दिल्ली: 69वें महापरिनिर्वाण दिवस पर CJI संजीव खन्ना ने भारत रत्न बाबा साहेब आंबेडकर को दी श्रद्धांजलि
आपको बता दें, राज्यसभा में कांग्रेस सांसद की सीट से नोटों की गड्डी मिलने को लेकर सियासत गरमाई हुई है। इस मुद्दे पर सत्ता पक्ष और विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप का दौर जारी है। गुरुवार को सदन की कार्यवाही दिन भर के लिए स्थगित होने के बाद सीट संख्या 222 से नोटों की गड्डी बरामद होने पर ये बात अब सदन में चर्चा का विषय बन गई है। राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी को आवंटित सीट से सुरक्षा कर्मचारियों ने 500 रुपये के नोटों की एक गड्डी बरामद की है, जिसमें 100 नोट हैं। उन्होंने साथ ही ये भी कहा कि अभी ये स्पष्ट नहीं है कि नोट असली हैं या नकली। इसके बाद सत्ता पक्ष के सांसद इसे संसद की शुचिता का अपमान करार दे रहे हैं। वहीं विपक्ष के सांसद सत्ता पक्ष पर पलटवार करते हुए इसे जरूरी मुद्दों पर चर्चा करने बचने का प्रयास मात्र बता रहे हैं।
सत्ता पक्ष की ओर से इस मुद्दे पर जेपी नड्डा ने सदन में कहा, “जो घटना हुई है, वह असामान्य है। यह वाकई गंभीर मामला है। यह बंटवारे का समय नहीं है। इससे संसद की गरिमा को ठेस पहुंचती है। मुझे स्पीकर के फैसले पर भरोसा है कि सच्चाई सामने आएगी। लेकिन लोकतंत्र में कुछ चीजें हमारे पक्ष में होती हैं और कुछ हमारे पक्ष में नहीं होती हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि आप उन मुद्दों को छिपाने की कोशिश करें जो आपके लिए परेशानी का कारण बन सकते हैं और दूसरों को अधिक दिखाएंगे। हमारे विपक्ष के नेता वरिष्ठ हैं। मुझे लगा कि वह कहेंगे कि जांच गंभीरता से होनी चाहिए। मैं भी एक वकील हूं, आज विपक्ष शून्यकाल को लेकर चिंतित है। मुझे उम्मीद है कि विपक्ष को कुछ सद्बुद्धि आएगी।”
Read Also: युवा कलाकार संदीप शर्मा अब जी टीवी के ‘बस इतना सा ख्वाब’ धारावाहिक पर आएंगे नजर
राज्यसभा में कांग्रेस की बेंच से नोटों की मिलने और इस पर छिड़े सियासी घमासान पर कांग्रेस सांसद अभिषेक मनु सिंघवी ने शुक्रवार को दावा करते हुए कहा कि “कल(गुरुवार) मैं दोपहर 12.57 बजे सदन के अंदर पहुंचा था। सदन दोपहर 1 बजे बंद हो गया था। 1 से 1.30 बजे तक मैं कैंटीन में अयोध्या प्रसाद के साथ बैठा और लंच किया। इसके बाद 1.30 बजे मैं संसद से बाहर निकल गया। इसलिए सदन में मेरा कुल समय तीन मिनट का ही था और कैंटीन में मुझे 30 मिनट का समय लगा था। इससे यह बड़ा अजीब लगता है कि ऐसे मुद्दों पर भी राजनीति हो रही है। निश्चित रूप से इस बात की जांच होनी चाहिए कि लोग ऐसे कैसे आ सकते हैं और किसी की भी सीट पर कुछ भी रख सकते हैं।”
इसके अलावा उन्होंने ये भी कहा कि, “अगर यह दुखद और गंभीर नहीं होता तो यह हास्यास्पद होता। मुझे लगता है कि सभी को सहयोग करना चाहिए और इसकी तह तक जाना चाहिए। और अगर सुरक्षा एजेंसियों में कोई कमी है तो उसे भी पूरी तरह से उजागर किया जाना चाहिए।”
