रोहतक- गीत-संगीत प्रकृति का सर्वोत्तम वरदान है जिसके माध्यम से प्रेम और मानवता का संदेश जन-जन तक पहुंचता है। इस धर्म को अनवरत निभा रहा हूं। गीत-संगीत सदैव से अध्यात्म का आधार रहा है। सदियों से इसी माध्यम से हमारे संत और ऋषि- मुनियों ने प्रभु की आराधना कर साक्षात्कार किया है।
रोहतक पहुंचे विश्व विख्यात भारतीय लोक, सूफी और बॉलीवुड पार्श्व गायक एवं पदम श्री कैलाश खेर ने जाट शिक्षण संस्था के पूर्व प्रधान राज सिंह नांदल के निवास पर अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने बताया कि उनका बचपन से ही लगाव अध्यात्म और गीत-संगीत की ओर रहा है, उन्हें आरंभ से ही संत-महात्माओं का सानिध्य मिलता रहा है।
कैलाश खेर ने आगे कहा कि हमारा देश सदैव से ही दुनिया को ज्ञान और आध्यात्म के आलोक से प्रकाशमान करता रहा है। हमारे ऋषि-मुनियों और संत-महात्माओं ने अपने ज्ञान, योग और तप से आध्यात्मिक क्षेत्र में विश्व पटल पर भारत का परचम लहराया है। आज भी दुनिया में भारत की ख्याति आध्यात्मिक विश्व गुरु के रूप में है। श्री कैलाश खेर ने कहा कि भगवान शिव की स्तुति उन्हें सर्वाधिक प्रिय है। जब वे शिव बाबा की स्तुति करते हैं तो उनका मन मयूर नाच उठता है।
Read Also: चंडीगढ़: अनूठी रामलीला का मंचन होगा, हर किरदार में सिर्फ महिलाएं ही नजर आएंगी
इन गीतों के माध्यम से शिव आराधना करते हुए उन्हें परम अनुभूति का एहसास होता है। इस अवसर पर जाट शिक्षण संस्था के पूर्व प्रधान राज सिंह नांदल ने कहा कि परम श्रद्धेय कैलाश खेर ने अपने गीतों के माध्यम से दुनिया में प्रेम और मानवता का संदेश देकर महान कार्य किया है। इसके चलते आज दुनिया भर में करोड़ों लोग उनके गीतों के दीवाने हैं। मां सरस्वती की उन पर असीम कृपा है। राज सिंह नांदल ने श्री कैलाश खेर को पुष्प गुच्छ और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर हरियाणा यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट के प्रदेश अध्यक्ष संजय राठी ने भी पद्मश्री कैलाश खेर को अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम में पायलट नीरज सेहरावत, पूर्व सरपंच राजेंद्र सिंह सांगवान, युवा नेता आशीष नांदल, विपिन सहारण, मनजीत फौगाट, आदित्य नांदल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter. Total Tv App

