दिल्ली में फिर बेलगाम हुआ कोरोना संक्रमण, पिछले 24 घंटे में सामने आए 1,693 नए मामले

दिल्ली। (रिपोर्ट- विश्वजीत झा) दुनियाभर में कोरोना का कहर लगातार जारी है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना का संक्रमण फिर से तेज हो गया है, पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,693 नए मामले सामने आए हैं। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या 716 हो गई है।

आपको बता दें, दिल्ली में कोरोना संक्रमण पर अभी तक लगाम कसती दिख रही थी, लेकिन अब फिर से कोरोना का संक्रमण तेज हो गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना संक्रमण 1,700 के करीब करीब पहुंच गया, जबकि इस दौरान 17 मरीजों की मौत भी हो गई है। वहीं दिल्ली में अब कंटेनमेंट जोन की संख्या 716 हो गई है। दिल्ली सीएम अरविंद केजरीवाल ने कोरोना के बढ़ते मामलों पर चिंता जाहिर कर ऐलान किया है कि अब दिल्ली में रोजाना कोरोना की दोगुनी टेस्टिंग की जाएंगी।

दिल्ली में जैसे-जैसे अनलॉक की प्रक्रिया आगे बढ़ रही है, उसके साथ ही अनलॉक में छूट के साइड इफेक्ट भी अब सामने आने लगे हैं। कोरोना संक्रमण के मामलों में दिल्ली में एक बार फिर से तेजी देखने को मिली है। दिल्ली में पिछले 24 घंटे में कोरोना के 1,693 नए मामले सामने आए हैं। जिसके बाद कुल मामलों की संख्या बढ़कर 1,65,764 हो गई है।

खास बात यह है, कि इस दौरान दिल्ली में करीब 19,816 कोरोना टेस्ट भी किए गए हैं। जिसमें 5,912 आरटीपीसीआर टेस्ट जबकि 13,904 रैपिड एंटीजन टेस्ट शामिल है। बीते हफ्तों के आंकड़ों पर नजर डालें तो तब भी 18 से 20,000 के आसपास टेस्ट होते रहे पर संक्रमण का आंकड़ा हजार के आसपास ही था। दिल्ली सरकार कोरोना से मौत के आंकड़े को शून्य पर लाने की बात कह रही थी, मगर पिछले 24 घंटे में कोरोना से 17 लोगों की मौत हो गई। जिसके बाद दिल्ली में कोरोना से मौत का कुल आंकड़ा 4,347 हो गया है। पिछले 24 घंटे में कोरोना से 1,154 लोग ठीक हुए जिसके बाद ठीक होने वालों की संख्या भी बढ़कर 1,48,897 हो गई है।

दिल्ली में कोरोना एक्टिव केस की संख्या जो 10,000 से नीचे पहुंच गई थी, वह अब बढ़कर 12,520 हो गई है। जिनमें से 6,208 मरीज होम आइसोलेशन में है। दिल्ली में कंटेनमेंट जोन की संख्या भी बढ़कर 716 हो गई है। हालांकि सरकार दिल्ली में बाहरी मरीजों के आने की भी बात कह रही है। मगर दिल्ली में बढ़ रहे कंटेनमेंट जोन की संख्या इस ओर साफ इशारा कर रही है कि मामले दिल्ली के ही बढ़ रहे हैं।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter  and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter.