Operation Sindoor: सरहद पर कम नहीं हो रहा तनाव, पाकिस्तान गोलेबारी में 5 लोगों की मौत

Operation Sindoor:

Operation Sindoor: जम्मू कश्मीर के राजौरी, पुंछ और जम्मू जिले में शनिवार तड़के पाकिस्तान की गोलेबारी में एक वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई और कई अन्य घायल हो गए। रक्षा अधिकारियों के अनुसार, शनिवार को भी पश्चिमी सीमाओं पर ड्रोन हमलों और अन्य हथियारों के साथ पाकिस्तान की ओर से की गई अंधाधुंध गोलीबारी जारी रही।अधिकारियों ने बताया कि राजौरी के एडिशनल डिप्टी कमिश्नर राज कुमार थापा और उनके स्टाफ के दो कर्मचारी शहर में उनके (थापा के) आवास पर गोला गिरने के कारण गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्होंने बताया कि सभी को सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया जहां थापा ने दम तोड़ दिया और दो अन्य घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने थापा की मौत पर शोक व्यक्त किया।

Read also- Delhi: भारत- पाकिस्तान संघर्ष के बीच दिल्ली में बढ़ाई गई सुरक्षा, PWD ने इमारतों पर किया सायरन का परीक्षण

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक ‘पोस्ट’ में कहा, ‘‘राजौरी से दुखद समाचार मिला। हमने जम्मू कश्मीर प्रशासनिक सेवा के एक निष्ठावान अधिकारी को खो दिया है। उन्होंने (थापा ने) कल ही उप-मुख्यमंत्री के साथ जिले में व्यवस्थाओं का जायजा लिया था और वह मेरी अध्यक्षता में ऑनलाइन माध्यम से हुई बैठक में भी शामिल हुए थे।’उन्होंने कहा, ‘‘राजौरी शहर को निशाना बनाकर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलेबारी में उनका (थापा का) आवास चपेट में आ गया और अतिरिक्त जिला विकास आयुक्त राज कुमार थापा की मौत हो गई। मेरे पास अपने दुख को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। भगवान उनकी आत्मा को शांति दे।’’

Read also-भारत-पाक विवाद के बीच गुजरात में अंबाजी मंदिर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम, अलर्ट मोड में प्रशासन

अधिकारियों ने बताया कि राजौरी शहर में एक औद्योगिक क्षेत्र के पास पाकिस्तान की गोलेबारी में आयशा नूर, जो महज दो साल की थीं और मोहम्मद शोहिब, जिनकी उम्र 35 साल थी, दोनों की मौत हो गई और तीन अन्य लोग घायल हो गए।अधिकारियों के मुताबिक, पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर के कंघरा-गलहुट्टा गांव में मोर्टार के एक घर पर गिरने से 55 साल की रशीदा बी की मौत हो गई।

उन्होंने बताया कि जम्मू जिले के आर. एस. पुरा सेक्टर में अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पाकिस्तान की तरफ से की गई गोलीबारी में बिदीपुर जट्टा गांव के रहने वाले अशोक कुमार उर्फ ​​शौकी की मौत हो गई।अधिकारियों ने बताया कि पुंछ में भीषण गोलेबारी में तीन और लोग घायल हुए हैं और उन्हें अस्पताल ले जाया गया। जम्मू शहर के रिहाड़ी और रूपनगर समेत रिहायशी इलाकों में भी गोले और संदिग्ध ड्रोन गिरने से कई लोग घायल हुए हैं।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *