Pakistan Super League: पाकिस्तान सुपर लीग (पीएसएल) के लाहौर कलंदर्स टीम के कप्तान शाहीन शाह अफरीदी और सिकंदर रजा पर सुरक्षा प्रोटोकॉल के उल्लंघन के आरोप लगे हैं। लाहौर के डीआईजी (ऑपरेशन) मोहम्मद फैसल ने पीएसएल के सीईओ को शहर के एक पांच सितारा होटल में ठहरी आठ टीमों के लिए लागू सुरक्षा उपायों में उल्लंघन की सूचना दी है। Pakistan Super League
पुलिस अधिकारी के अनुसार, पहले से चेतावनी दिए जाने और मना करने के बावजूद, शाहीन और सिकंदर रजा के कमरे में आठवीं मंजिल पर रात 1:25 बजे तक चार मेहमान ठहरे रहे। उन पर आरोप है कि उन्होंने लाहौर कलंदर्स के खिलाड़ियों के ठहरने वाले होटल के उस फ्लोर पर चार लोगों को प्रवेश करने दिया, जहां सुरक्षा के कड़े इंतजाम थे। सबसे बड़ी चिंता की बात यह है कि इन आगंतुकों में से किसी के पास भी अंदर जाने की अनुमति नहीं थी। लाहौर कलंदर्स के संपर्क अधिकारी और उसके बाद टीम के मालिक समीन राणा ने शनिवार रात करीब 10:35 बजे और फिर 11:00 बजे रजा के कमरे में मेहमानों को जाने की अनुमति मांगी, लेकिन दोनों बार अनुरोध अस्वीकार कर दिए गए।
Read Also: West Bengal: चुनाव आयोग ने 173 थाना प्रमुखों का किया तबादला
Pakistan Super League- पुलिस अधिकारी के अनुसार, संपर्क अधिकारी ने पहले पीसीबी के सुरक्षा प्रबंधक और भ्रष्टाचार विरोधी इकाई से संपर्क किया और रजा के चार रिश्तेदारों को उनके कमरे में जाने की अनुमति मांगी। सुरक्षा प्रोटोकॉल के अनुसार अनुरोध अस्वीकार कर दिया गया। इसके बाद, टीम के मालिक ने पीएसएल के सीईओ सलमान नसीर से भी यही अनुरोध किया, जिसे सुरक्षा कारणों से फिर से अस्वीकार कर दिया गया।
इन अनुरोधों के बावजूद, करीब 11:05 बजे, पीसीबी और सुरक्षा कर्मियों ने बताया कि शाहीन और रजा ने प्रोटोकॉल की अवहेलना की और मौके पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों के विरोध के बावजूद चारों मेहमानों को रजा के कमरे में ले गए। मेहमान रात 1:25 बजे तक वहीं रुके रहे। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) को सूचित किया है कि ये बोर्ड के सुरक्षा प्रोटोकॉल और आचार संहिता का उल्लंघन है, जो सभी खिलाड़ियों, अधिकारियों और संबंधित कर्मियों की सुरक्षा और गरिमा सुनिश्चित करने के लिए बनाए गए हैं।
