हरियाणा के फरीदाबाद में 13 वर्षीय एक मासूम लड़की से कथित तौर पर दुष्कर्म करने के मामले में उसके पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, छठी कक्षा की छात्रा बिहार की रहने वाली है और पिछले लगभग छह वर्ष से फरीदाबाद में अपने मामा के साथ रह रही है।
नाबालिग के परिवार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया है कि गुरुवार शाम पड़ोस में एक परिवार अपने बच्चे का जन्मदिन मना रहा था और जब लड़की वहां जा रही थी, तभी पड़ोस में रहने वाला आरोपी उसे बहला-फुसलाकर अपने घर ले गया। जब लड़की काफी देर तक घर नहीं लौटी, तो परिवार ने उसकी तलाश शुरू की थी। सड़क के उस पार स्थित एक घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच करने पर उन्होंने आरोपी को लड़की को अपने घर ले जाते हुए देखा। परिवार ने शिकायत में ये भी बताया कि वे आरोपी के घर में दाखिल हुए और तलाशी ली लेकिन लड़की नहीं मिली।
Read Also: एशियन गेम्स ट्रायल्स के लिए 53kg वर्ग में विनेश फोगाट की एंट्री को WFI ने किया स्वीकार
उन्होंने बताया कि छत पर जाने के बाद लड़की पानी की टंकी के पास बेहोश पड़ी मिली। पुलिस ने शिकायत का हवाला देते हुए बताया कि पानी के छींटे मारने के बाद लड़की को होश आया और उसने आपबीती सुनाई। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में पल्ला थाने में यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्त में आए आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
