INDIA Bloc Maha-Rally:बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने रामलीला मैदान में विपक्ष की रैली को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना। बोले- देश में विदेशी ताकतों के इशारे पर सरकार बदलने का एजेंडा नहीं चलेगा, दिल्ली के व्यापारियों को 10 हजार करोड़ के नुकसान का भी किया दावा।
News Desk : दिल्ली के रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की रैली से पहले केंद्रीय मंत्री और बीजेपी नेता जेपी नड्डा ने राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने विपक्ष की इस रैली को राजनीति चमकाने और देश की छवि खराब करने की कोशिश बताया। नड्डा ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी की राजनीति का आधार झूठ और अफवाह फैलाना है। उन्होंने कहा कि भारत कोई बनाना रिपब्लिक नहीं है, जहां दंगे, आगजनी और सरकार बदलने की साजिशों को अंजाम दिया जा सके। देश संविधान और जनता के जनादेश से चलेगा।
Read Also-UP : किसानों के नुकसान की भरपाई करेगी योगी सरकार, जल्द आएगा नया राहत पैकेज
जेपी नड्डा ने 1 नवंबर को रैली आयोजित करने के फैसले पर भी सवाल उठाए। उन्होंने 1984 के सिख विरोधी दंगों का जिक्र करते हुए कांग्रेस पर सिख समाज की भावनाओं को आहत करने का आरोप लगाया। नड्डा ने कहा कि इस तारीख को राजनीतिक कार्यक्रम आयोजित करना सिख परिवारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने गांधी परिवार से सिख समाज से माफी मांगने की मांग भी की। इसके अलावा उन्होंने दावा किया कि त्योहारों के सीजन में दिल्ली में रैली होने से व्यापारियों को 10 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा का नुकसान हो सकता है।
नड्डा ने राहुल गांधी की राजनीति के चार चरण बताते हुए आरोप लगाया कि पहले झूठ और अफवाहें फैलाई जाती हैं, फिर सड़कों पर हंगामा और अराजकता पैदा की जाती है। इसके बाद देश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाने और विदेशी ताकतों के इशारे पर चुनी हुई सरकार को अस्थिर करने की कोशिश होती है। उन्होंने कहा कि रामलीला मैदान में आयोजित रैली लोकतंत्र के सम्मान के बजाय देश में अव्यवस्था फैलाने की कोशिश है। वहीं, INDIA गठबंधन की यह रैली मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) में कथित गड़बड़ियों के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर आयोजित की गई।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

