पश्चिम बंगाल से फिर शुरू हुई ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’, राहुल गांधी बोले- हिंदुस्तान में युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा

(प्रदीप कुमार)- राहुल गांधी के नेतृत्व में चल रही ‘भारत जोड़ो न्याय यात्रा’ दो दिन के विश्राम के बाद रविवार दोपहर को पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी से फिर शुरू हो गई। यात्रा के 15वें दिन पश्चिम बंगाल में राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान राहुल गांधी ने हाथ हिलाकर उनके स्वागत में खड़े लोगों का अभिवादन किया और लोगों से बातचीत की। यात्रा रविवार को जलपाईगुड़ी से होते हुए सिलीगुड़ी और उत्तर दिनाजपुर पहुंची।
इस दौरान अपने संबोधन में राहुल गांधी ने कहा कि देश के युवाओं को रोजगार चाहिए। लेकिन सच्चाई ये है कि आज हिंदुस्तान में युवाओं को रोजगार नहीं मिल सकता है। देश के युवा अपने सपनों को पूरा नहीं कर पा रहे हैं, जिसके कारण युवाओं के दिल में नफरत और गुस्सा पैदा हो रहा है। इसलिए कांग्रेस ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में कन्याकुमारी से कश्मीर तक चली और युवाओं की बात सुनी।
राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस ने यात्रा में ‘न्याय’ शब्द जोड़ दिया है, क्योंकि हिंदुस्तान में नफरत का कारण अन्याय है। ऐसा इसलिए क्योंकि देश की सारी संपत्ति कुछ चुनिंदा उद्योगपतियों के हाथों में जा रही है। कांग्रेस एक ऐसा हिंदुस्तान चाहती है, जहां देश के गरीब भी बड़े से बड़ा सपना देखें और उन्हें पूरा करें। एक ऐसा हिंदुस्तान जहां मेहनत से काम करने वालों की इज्जत हो।

Read also – उत्तराखंड देहरादून में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने की कार्यकर्ता सम्मेलन में शिरकत 

अग्निवीर योजना का मुद्दा उठाते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पहले देश के युवा सुबह उठकर मेहनत करते थे, फिटनेस बनाकर आर्मी में जाते थे। वहां हमारे युवाओं को गारंटी दी जाती थी कि हम आपकी और आपके परिवार की रक्षा करेंगे। लेकिन अब मोदी सरकार ‘अग्निवीर’ लेकर आई है, जिसमें युवाओं को सिर्फ चार साल के लिए नौकरी मिलेगी। सेना के लोगों को जो सुविधाएं और आर्थिक सुरक्षा मिलती है, वो अग्निवीर को नहीं मिलेगी। वहीं अग्निवीर योजना से पहले डेढ़ लाख लाख युवाओं को आर्मी में भर्ती करने की बात कही गई। लेकिन तीन साल बाद, उन युवाओं को न आर्मी में भर्ती दी जा रही है और न ही अग्निवीर में। ये अन्याय है।
राहुल गांधी ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने मुझे बहुत प्यार दिया और अपनी पूरी शक्ति इस यात्रा में झोंक दी, ये मैं कभी नहीं भूलूंगा। रवींद्रनाथ टैगोर जी, सुभाष चंद्र बोस जी और स्वामी विवेकानंद जी ने देश को राह दिखाने का काम किया था। मुझे विश्वास है आप सभी इस देश को फिर से जोड़ने का काम करेंगे।

Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates,Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *