Bollywood : ‘कांटे’, ‘जिंदा’ और ‘शूटआउट एट वडाला’ जैसी फिल्मों से अपनी अलग पहचान बनाने वाले निर्देशक संजय गुप्ता अब इस दुनिया में नहीं रहे। मुंबई स्थित उनके आवास पर हुए हादसे ने परिवार और फिल्म इंडस्ट्री को सदमे में डाल दिया है।
News Desk : हिंदी सिनेमा के चर्चित फिल्मकार संजय गुप्ता का निधन एक ऐसे हादसे में हुआ, जिसकी जानकारी परिवार को भी कई घंटों बाद मिली। शुरुआती जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने घर में वह बाथरूम में गिर पड़े थे। इस दौरान उनके सिर पर गंभीर चोट आई। चोट लगने के बाद काफी खून बह गया और उनकी जान चली गई। घटना रात में हुई, लेकिन घर के अन्य सदस्यों को इसकी जानकारी शनिवार सुबह हुई।Bollywood
Read Also: Punjab Election 2027: AAP ने जारी की 40 उम्मीदवारों की पहली सूची, धूरी से फिर मैदान में उतरेंगे भगवंत मान
मुंबई पुलिस के मुताबिक, संजय गुप्ता अपने परिवार के साथ वर्सोवा इलाके में रहते थे। हादसे के समय उनकी पत्नी, दोनों बच्चे और घर में काम करने वाली मेड अपने-अपने कमरों में सो रहे थे। सुबह घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। परिवार की ओर से किसी तरह की साजिश या संदिग्ध गतिविधि की आशंका नहीं जताई गई है। फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। वर्सोवा पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।Bollywood
Read Also: CTI Appeal: CTI ने कांग्रेस से एक नवंबर की रैली टालने की अपील की
संजय गुप्ता ने 1994 में फिल्म ‘आतिश: फील द फायर’ से निर्देशन की दुनिया में कदम रखा था। इसके बाद उन्होंने ‘राम शास्त्र’, ‘हमेशा’, ‘जंग’ और ‘खौफ’ जैसी फिल्मों के जरिए अपनी फिल्ममेकिंग की शैली विकसित की। साल 2002 में आई ‘कांटे’ उनके करियर की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रही। इसके बाद ‘मुसाफिर’, ‘जिंदा’, ‘शूटआउट एट वडाला’, ‘काबिल’ और ‘जज्बा’ जैसी फिल्मों ने उन्हें एक्शन और क्राइम-थ्रिलर सिनेमा के अलग अंदाज वाले निर्देशक के तौर पर पहचान दिलाई। उनके निधन की खबर से फिल्म जगत में शोक का माहौल है। अभिनेता तुषार कपूर ने सोशल मीडिया पर लिखा कि सुबह उठते ही उन्हें अपने प्रिय निर्देशक के निधन की दुखद खबर मिली। उन्होंने संजय गुप्ता को जिंदगी को पूरी तरह जीने की सीख देने वाला इंसान बताया और परिवार के प्रति संवेदना जताई। वहीं अभिनेता हर्षवर्धन राणे ने फिल्म ‘द मिरांडा ब्रदर्स’ की शूटिंग के दौरान उनके साथ बिताए पलों को याद किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपनी जिंदगी में संजय गुप्ता से ज्यादा खुशमिजाज इंसान नहीं देखा, चाहे वह सेट पर हों या सेट के बाहर। कमाल आर खान ने भी उन्हें अपना करीबी बताते हुए लिखा कि दोनों लगभग हर दूसरे दिन फिल्मों और बॉलीवुड पर बात करते थे। उनके जाने पर उन्होंने गहरा दुख जताया।
फिल्ममेकर अशोक पंडित ने संजय गुप्ता को शानदार कहानीकार और सिनेमा के प्रति जुनूनी इंसान बताया। उन्होंने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा कि यह खबर बेहद दुखद और चौंकाने वाली है तथा इंडस्ट्री ने एक प्रतिभाशाली फिल्मकार खो दिया है। फिल्ममेकर राहुल ढोलकिया ने भी उनके काम और फिल्म प्रमोशन के अनोखे अंदाज को याद किया। वहीं अभिनेता ऋतिक रोशन की फिल्म ‘काबिल’ से जुड़े निर्देशक राकेश रोशन ने इस खबर को बेहद दुखद बताया, जबकि रितेश देशमुख ने खुद को इस खबर से स्तब्ध बताया। संजय गुप्ता के निधन से उनके करीबी दोस्त और अभिनेता संजय दत्त भी बेहद दुखी हैं। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर संजय गुप्ता के साथ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए उन्हें

अपना भाई और परिवार का हिस्सा बताया। संजय दत्त ने लिखा कि दोनों ने साथ में कई यादें बनाई हैं और हाल ही में ‘कांटे 2’ को लेकर भी बातचीत हुई थी। अभिनेता ने अपने दोस्त से किया वादा निभाने की बात कहते हुए लिखा कि वह उनकी याद में ‘कांटे 2’ बनाने का सपना जरूर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि इस सपने को सच करने के लिए वह हर संभव कोशिश करेंगे। संजय दत्त ने भावुक संदेश में लिखा कि उनके भाई के बिना जिंदगी पहले जैसी नहीं रहेगी।
Top Hindi News, Latest News Updates, Delhi Updates, Haryana News, click on Delhi Facebook, Delhi twitter and Also Haryana Facebook, Haryana Twitter

